दिन के पारे में आया उछाल, लगी गमी

Dec 03 2020

 ग्वालियर। अधिकतम तापमान गुरुवार को सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ऊपर पहुंच गया और हवा में नमी की मात्रा घट गई है। इससे दिन में ठंड की जगह गर्माहट आ रही है। साथ ही न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर पहुंचने पर सुबह भी थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने 24 घंटे में तापमान स्थिर रहने के आसार जताए हैं। वैसे दिसंबर में रात में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाती है। उत्तरी हवा दिन के तापमान में गिरावट लाती है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन के तापमान में इजाफा हो रहा है।
बुधवार की तुलना में गुरुवार को तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का उछाल आने से अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री ऊपर रहा। इस कारण दिन में ठंडक गायब हो गई। 
चक्रवाती तूफान बुरेवी के गुजर जाने के बाद जमू-कश्मीर में चार से पांच दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। पश्चिमी विक्षोभ से ग्वालियर का मौसम भी प्रभावित होगा। रात के तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी। दिन के तापमान में गिरावट रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। रात में कड़ाके की ठंड दस्तक देगी।