फुटपाथ पर चढ़ाई कार, सो रहे मजदूर को रौंदा, कार चालक मौके पर कार छोड़कर भागा

Dec 01 2020

ग्वालियर। थाना पड़ाव थाने की जद में आने वाले बोट क्लब के पास स्थित फूटपाथ पर सो रहे मजदूर पर एक तेज रफ्तार कार दौड़ा रहे कार चालक ने उसे रौंद डाला। हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। जबकि हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पड़ाव पुलिस ने हादसे में घायल हुए मजदूर को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराने के बाद आरोपी कार चालक की तलाश नंबर के आधार पर शुरु कर दी है।
थाना पड़ाव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इंडिगो कार क्रमांक एमपी07 सीबी 4139 कार चालक तेज रफ्तार से कार बोट क्लब के पास दौड़ा रहा था, इसी बीच बोट क्लब के मोड के पास पहुंचकर कार का स्टेयरिंग अनियंत्रित होते ही कार फुटपाथ पर सो रहे मजदूर पर जा चढ़ी। जिससे मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके पर ही कार छोड़कर फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही इलाके में गश्त कर रहे पुलिस जवानों ने मौके पर पहुंचकर घायल हुए मजदूर को तत्काल एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जेएएच के टॅ्रामा सेंटर में भर्ती कराने के बाद आरोपी कार चालक की तलाश कार के नवंबर के आधार पर शुरु कर दी है। हादसे में घायल हुए मजदूर की हालत इलाज कर रहे डाक्टरों ने स्थिर बताई है।