शहर बंद होने के बाद हर चौराहे पर सख्ती

Nov 29 2020

ग्वालियर। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एक बार फिर बढ़ते ही शहर में रात्रि कालीन कफ्र्यू लागू किया जा चुका है रात आठ बजते ही पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन एनाउंसमेंट कर शहर बंद करा रहे हंै। लेकिन बाजार बंद होने के बाद भी देर रात तक लोगों की भीड़ इन दिनों सहालग के चलते सड़कों पर उमड़ती दिख रही है। ऐसे में बदमाश भी सक्रिय होकर अपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। देर रात घर लौट रही महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। 
शहर में इन दिनों सहालग के चलते रोजाना सैकड़ों की संख्या में शादी समारोह आयोजित हो रहे हैं, भले ही कोरोना संक्रमण के चलते रात आठ बजते ही शहर के सभी बाजार बंद हो जाते हैं लेकिन देर रात तक सड़कों पर हजारों लोगों की चहलपहल परिवार के साथ देखी जा सकती है। शहर को पुलिस कप्तान के निर्देश पर तीन सर्किल में बांट कर सुरक्षा बढ़ाई गई है। हर सर्किल में आधा दर्जन थानों की मॉनीटरिंग के लिए सर्किल सीएसपी की तैनाती करने के साथ ही थानों के बल के साथ अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती पूरे शहर में की गई है। वहीं आधी रात के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को रात्रि गश्त करने निर्देश दिए हैं।
3 सवारी और संदिग्धों पर नजर
रात लगभग 10 से 12 बजे तक मुख्य मार्गों में चेकिंग कराई जा रही है। इसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि चेकिंग में कोई लापरवाही नहीं बरती जाए। तीन सवारी और संदिग्ध दिखने वाले, बिना कारण बाहर घूमने वालों को रोककर उनके नाम, पते और मोबाइल नंबर पूछकर रजिस्ट्रर में लिखा जाए। यदि कोई संदिग्ध लगता है, तो थाने लाकर पूछताछ करें।
इन स्थानों पर मुख्य फोकस
शहर में चेकिंग प्वाइंट फूलबाग, छप्परवाला पुल, इंदरगंज चौराहा, जीवाजी क्लब मार्ग, मांढऱे की माता, कैंसर पहाड़ी, चिरवाई, झांसी रोड, चेतकपुरी चौराहा, राजमाता चौराहा, सिटी सेंटर, गांधी रोड, बारादरी चौराहा, हुरावली रोड, डीडी नगर, गोला का मंदिर चौराहा, यादव धर्मकांटा, पुरानी छावनी, बहोड़ापुर चौराहा, गोल पहाडिय़ा पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इसके अलावा अन्य मुख्य मार्गों में पुलिस की पेट्रोलिंग वाहन को लगातार घूमते हुए संदिग्धों पर निगरानी रखने के लिए कहा गया है।