सर्द हवा से रात में बढ़ी ठिठुरन, गिर रहा पारा

Nov 22 2020

ग्वालियर। प्रदेश और आसपास बने सिस्टम के समाप्त होने और हवा का रूख उत्तरी होने से अंचल में ठिठुरन भरी सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनो में ठंड के तेवर ओर तीखे रहने की संभावना जताई है साथ ही कहा है कि दिन में आसमान साफ रहने से दिन का पारा 23 से 24 डिग्री के ईद-गिर्द रहने से दिन में ठंड का असर कम दिखाई देगा वहीं रात गहराते ही उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा से रात के पारे में और गिरावट आने से सर्दी अंचल में जोर पकड़ती दिखेगी। बीती रात शहर में न्यूनतम पारा बीते रोज की तुलना में 10.5 डिग्री से गिरकर 8.7 डिग्री दर्ज किया गया जिसके चलते रात व सुबह घरों से निकले शहरवासियों को ठंड सताती दिखी।
बीते दो दिनों की अपेक्षा रविवार सुबह जब शहरवासी घरों से बाहर निकले तो घरों के बाहर चल रही सर्द हवा व ठिठुरन भरी सर्दी लोगों को सताती दिख रही थी। गर्म कपड़े पहनने के बाद भी ठंड का अहसास हो रहा था, वहीं साथ में चल रही सर्द हवा ने सर्दी का दोगुना अहसास लोगों को कराया। मौसम साफ होने के चलते सुबह निकले सूरज की किरणों से तपिश गायब होने से लोग नौ बजे तक ठंड महसूस कर रहे थे, अंचल में सिस्टम नहीं होने से घरों के अंदर भी सर्दी सता रही है। ठंड से दस बजे के बाद ही राहत मिली। वहीं शहरवासी सुबह से खिली गुनगुनी धूप का आनंद लेते दिखाई दिए। 
आगामी 24 घंटों के दौरान अंचल का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। वहीं संभवत: मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के पास आकार लेगा। इसके निर्मित होने के बाद बुधवार के बाद उसके उत्तर भारत में पहुंचते ही एक बार फिर बादलों के छाने से मौसम में बदलाव फिर देखने को मिलेगा।