नहीं सुधर रही शहर की सफाई व्यवस्था

Nov 22 2020

ग्वालियर। शहर की सफाई व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह से चरमरा गई है और नगर निगम प्रशासन की ईको ग्रीन से बात ना बनने के कारण यह समस्या दिनोंदिन और जटिल होती जा रही है। नगर निगम प्रशासन ने ईको ग्रीन को एक और मौका देना चाहा लेकिन अपनी हठधर्मिता के कारण उसने नगर निगम की मजबूरी समझकर पॉवर प्लांट लगाने से हाथ खड़े कर दिए। नगर निगम प्रशासन और ईकोग्रीन के बीच चल रहे द्वंद के चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गई है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों ईको ग्रीन से सफाई व्यवस्था को नगर निगम ने अपने हाथ में लेकर काफी कुछ सफाई व्यवस्था को सुचारू बना लिया था लेकिन कुछ ही दिनों में सफाई व्यवस्था ऐसी चरमराई कि सुधरने का नाम ही नहीं ले रही।
जिससे आमजन जगह-जगह जमा कचरे से विभिन्न बीमारियों से ग्रसित होकर चिकित्सकों की शरण में पहुंच रहे हैं। यहां यह बताना भी जरूरी है कि जिस समय नगर निगम आयुत संदीप माकिन ने मोर्चा संभाला और उपायुक्त स्वास्थ्य सतपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ी हिदायत दी तो कुछ दिनों में ही सफाई व्यवस्था बेहतर हो गई थी लेकिन अचानक एक बार फिर से शहर की सफाई व्यवस्था को ग्रहण सा लग गया और शहर में अनेक स्थानों पर जगह-जगह कचरे के ढेर नगर निगम प्रशासन की व्यवस्था को चिढ़ा रहे हैं।