सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के आइसीयू में आग, 9 मरीज फंसे, 2 झुलसे

Nov 21 2020

ग्वालियर। जयारोग्य अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के फोर्थ फ्लोर पर शनिवार की दोपहर भीषण आग लग गई। बताया जाता है कि आग आइसीयू में लगी है, जहां पर कोरोना के करीब 9 मरीज भी भर्ती हैं। पहले अस्पताल प्रबंधन ने खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन जब आग बेकाबू होने लगी तो दमकल अमले को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ एसएन अयंगर एवं जेएएच अधीक्षक डा आरकेएस धाकड़ भी मौके पर पहुंच गए हैँ। प्रशासन ने दो मरीजो के झुलसने की बात स्वीकारी। आईसीयू 20 बेड का था और 9 मरीज भर्ती थे। इनमें से दो मरीज झुलसे हैं। झुलसे हुए मरीजों का उपचार चल रहा है। सभी मरीजों को तीसरे फ्लोर के आइसीयू में शिफ्ट किया गया है।
जेएएच के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कोरोना मरीजों को भर्ती किया जाता है। शनिवार की दोपहर में करीब दो बजे अचानक थर्ड फ्लोर पर बने आइसीयू में आग लग गई। जिसमें वेंटिलेटर धूं-धूं करके जलने लगे। जैसे ही स्टाफ ने वार्ड से धुआं उठते देखा तो हडकंप मच गया। तत्काल सिक्युरिटी स्टाफ को सूचना दी गई, और आग पर काबू पाने के प्रयास तेज किए गए। हालांकि तब तक आग इतनी फैल चुकी थी। कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। इसलिए दमकल अमले को सूचना दी गई। बताया जाता है कि जिस फ्लोर पर आग लगी है, वहां पर करीब दस कोरोना मरीज भी भर्ती हैं।
मरीजों को निकालने के प्रयास तेज 
थर्ड फ्लोर पर आगजनी की घटना के बाद स्टाफ एवं सिक्युरिटी स्टाफ भर्ती मरीजों को निकालने के प्रयास में जुट गया। काफी मशक्क्त के बाद  मरीजों को निकालने के प्रयास में कामयाबी मिल सकी।
अस्पताल में हडकंप 
आगजनी की सूचना मिलते ही जेएएच में हडकंप मच गया। क्योंकि सुपर स्पेशियलिटी में गंभीर मरीजों को रखा जाता है। इनमें से वेंटिलेटर वाले मरीज तो अपनी जगह से हिल तक नहीं सकते हैं, जबकि कुछ मरीज ऑक्सीजन पर हैं। घटना की सूचना मिलते ही जीआर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ एसएन अयंगर एवं जेएएच अधीक्षक सहित पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गया है।