सूरज की तपिश में दिखी नरम

Nov 20 2020

ग्वालियर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के साथ ही अरब सागर से अंचल में आ रही नमी के चलते शुक्रवार सुबह शहर में कोहरा रहा। वहीं पश्चिमी मध्यप्रदेश के ऊपर चक्रवाती घेरा बनने के साथ ही सिक्किम से लेकर समूचे एमपी से टर्फ लाइन गुजरने के कारण मौसम में बदलाव लगातार देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहने से दिन का तापमान 25 से 26 डिग्री के आसपास बना रहेगा वहीं रात के पारे में गिरावट देखने को मिल सकती है।
शुक्रवार सुबह जब शहरवासी घरों से बाहर निकले तो घरों के बाहर कोहरा छाया हुआ था। सुबह साढ़े पांच से साढ़े सात बजे तक कोहरे के चलते दृश्यता एक हजार मीटर रहने से सड़क पर वाहन दौड़ा रहे वाहन चालकों को हेडलाइट का सहारा लेना पड़ा। वहीं सुबह आठ बजे सूरज निकलने के बाद क ोहरा छंटते ही दृश्यता डेढ़ हजार मीटर पर जा पहुंची जिससे लोगों को राहत मिली। 
रोजाना की अपेक्षा शुक्रवार दिन चढऩे के बाद भी सूरज की तपिश से तेजी गायब थी जिसके कारण सुबह दस बजे तक लोग हल्की ठंड महसूस करते दिखे। लेकिन 11 बजे के बाद सूरज की तपिश ने अपना असर दिखाना शुरु किया तो सर्दी पूरी तरह से गायब होती दिखी। मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि अंचल में एक साथ तीन सिस्टम सक्रिय हंै लेकिन ये तीनों ही सिस्टम हवा व नमी नहीं मिल पाने के कारण अपना असर नहीं दिखा पा रहे हैं हालांकि दोपहर बाद आसमान में बादलों की आवाजाही शुरु होने से दिन का तापमान कल की तरह ही रहेगा। वहीं रात गहराते ही मैदानी इलाकों से आने वाली हवा का साथ मिलने के बाद रात का पारा गिरने से सर्दी जोर पकड़ती दिखेगी। 
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।अंचल में एक साथ तीन सिस्टम जरुर सक्रिय हंै लेकिन तीनों सिस्टमों की तीव्रता कम होने के कारण सिस्टम का अधिक असर शहर में देखने को नहीं मिलेगा। दोपहर बाद हल्के बादल छाएंगे वहीं रात में नमी व हवा का असर होने से रात के पारे में गिरावट होने से सर्दी बढ़ेगी।