अब संक्रमण को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं:डीएम

Nov 19 2020

ग्वालियर। कोरोना संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है, बीते पांच दिनों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा देखा गया है ऐसे में हमें कोरोना संक्रमण को लेकर लापरवाही नहीं बरतना है बल्कि कोरोना संक्रमण के वायरस को जल्द से जल्द अंचल से खात्मा करना है। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीज को बेहतर इलाज मिले और वे संक्रमण से जल्द से जल्द स्वस्थ हो सकें इसके लिए अस्पतालों में बेहतर इलाज की व्यवस्था की जाए। यह निर्देश कोरोना संक्रमण के जिले में बढ़ते मामलों को देखते हुए कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने स्वास्थ्य महकमे को दिए हैं।
डीएम सिंह ने कहा कि बीते कुछ दिनों पहले स्वास्थ्य व आम जनता के सामूहिक प्रयास से ही कोरोना संक्रमण का असर जरुर कुछ कम हुआ था जिससे शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली थी। लेकिन बीते एक सप्ताह से प्रदेश के साथ ही देश के कुछ बड़े शहरों में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े है। अत: हमें सावधान रहना चाहिए कि कोरोना की दूसरी लहर अंचल में नहीं आए। इसके लिए हमें पहले से ही स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखना होगा जिससे लोगों को तत्काल इलाज मिल सकेगा। आवश्यक सावधानियों के साथ पिछली तैयारी की तुलना में स्थिति बेहतर हो। डीएम सिंह ने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि मेडिकल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर से बेहतर उपयोग हो इसके लिए उन्होंने आइसीयू, वेंटिलेटर व मेडिकल में बिस्तर व्यवस्था के साथ अन्य आवश्यक उपकरणों की जानकारी भी ली।
सावधानी बरतना ही सुरक्षा
डीएम ने कहा कि शहर के सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना इलाज की सभी सुविधा 24 घंटे उपलब्ध है ऐसे में शहरवासी मौसम में आ रहे बदलाव को देखते हुए जरुरत होने पर ही घरों से बाहर मास्क लगाकर निकलें साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें, वहीं सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना नहीं भूलें, इन छोटी-छोटी सावधानियों को बरतने से ही हम स्वयं व परिजनों को कोरोना संक्रमण से बचाव कर सकते है।
फिर शुरू पूल सैंपलिंग
कोरोना संक्रमित मरीज अब शहर के साथ ही गांव में भी अधिक संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। ऐसे में संक्रमण का फैलाव आगे नहीं हो सके इसके लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने गुरूवार से पूल सैंपंलिंग एक बार फिर शुरु कर दी गई है। पूल सैंपलिंग के लिए आधा दर्जन टीमें बनाई गई हैं जो जिले के गांवों में बीते दिनों मिले कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रैसिंग कर अन्य ग्रामीणों का भी स्वास्थ्य परीक्षण करने पर संदिग्ध मिलने वालों के जांच सैंपल लेंगी।