मौसम का अंदाज बदला आसमान में छाए बादल

Nov 19 2020

ग्वालियर। जिले में मौसम के अंदाज बदल गए हैं। गुरूवार को सुबह गाहे-बगाहे आसमान में सूरज आता-जाता रहा। अलसुबह शहर में कोहरे की धुंध छाई रही। रात को हवा में घुली नमी के कारण लोगों को कंपकंपाने वाली सर्दी का अहसास होने लगा है।
तीन दिन से लगातार तापमान बुधवार को भी गिरावट के साथ दर्ज हुआ है। गौरतलब है कि रविवार की देर रात ग्वालियर अंचल बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हुई थी। बादल और हल्के-हल्के कोहरे की जुगलबंदी के कारण शहर के आउटर पर दोपहर साढ़े 12 बजे तक शहर का नजारा ऐसा था मानो सुबह के 7 बज रहे हों।
दूसरी ओर ठंडी बयार ने सर्दी का अहसास ऐसा बढ़ाया कि, लोगों ने अलमारियों से गर्म कपड़े निकाल लिए। सुबह से दोपहर तक लोग गर्म कपड़ों में लदे नजर आए तो कई जगह बुजुर्ग सर्दी से बचने के लिए अलाव जलाकर बैठे नजर आए।