कैट के जिला कार्यालय का शुभारंभ

Nov 18 2020

ग्वालियर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने कैट के जिला कार्यालय का शुभारंभ करते हुए कहा कि हर व्यापारी की समस्याओं के निदान के लिए कैट संघर्षरत रहेगा। हम जमीनी स्तर पर छोटे से छोटे एवं मझले कारोबारियों के साथ उनके व्यापार वृद्धि में मदद करेंगे और समस्याओं का निदान करायेंगे। दाल बाजार पुलिस चौकी के पास कैट का कार्यालय ''बिजनेस फेसिलिटेशन सेन्टर'' के रूप में शुरू किया गया। इस अवसर पर जैन ने कहा कि शीघ्र ही ''आरबीआई कहता है'' इस लाईन को लेकर ऐसे बैंकर्स जो व्यापारियों को तकलीफ पहुंचाते हैं तथा विभिन्न प्रकार से मदद नहीं करते हैं, उनके खिलाफ सडक से लेकर लोकपाल और रिजर्व बैंक एवं वित्त मंत्रालय, भारत सरकार तक आंदोलन किया जायेगा। इस अवसर पर अश्विनी सोमानी, महेन्द्र साहू, अशोक पंडित सहित अनेक सदस्यों ने कैट की सदस्यता ग्रहण की और कोर टीम सदस्यों को मुख्य अतिथि भूपेन्द्र जैन ने सदस्यता प्रमाण-पत्र वितरित किये।
कैट कार्यालय का उद्घाटन करते हुए श्री जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन की भावना अनुसार मिलावट खोरों के खिलाफ शासन के अभियान में कैट भरपूर मदद करेगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलायेंगे, लेकिन हम सरकार और जिला प्रशासन से यह भी कहेंगे कि कहीं इस आड में व्यापारी प्रताडि़त ना हो। कुछ असामाजिक तत्व मीडिया के रूप में व्यापारियों के साथ ब्लेकमेल कर रहे हैं और जिला प्रशासन उनके दबाव में आकर व्यापारियों को प्रताडि़त कर रहा है, इसे कैट कदापि बर्दाश्त नहीं करेगा। कैट कार्यालय के उद्घाटन में दाल बाजार समिति के अध्यक्ष गोकुल बंसल, सचिव मनीष बांदिल, कैट म.प्र. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक गोयल, प्रदेश महामंत्री मुकेश अग्रवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज चौरसिया, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती कविता जैन, हरिकांत समाधिया, नरेन्द्र मांडिल विशेष रूप से उपस्थित थे।