सड़क पर मिले पुलिस अधिकारी से दीपावली पर मिलने पहुंचे साथी

Nov 16 2020

ग्वालियर। ग्वालियर में विक्षिप्त हालत में सीएसपी रत्नेश तोमर को मिले पुलिस अधिकारी मनीष मिश्रा को स्वर्ग सदन में ठहराया गया है। स्वर्ग सदन में युवाओं की टीम मानसिक रूप से विक्षिप्त लोगों की देखभाल करती है। दीपावली के अवसर पर स्वर्ग सदन में मनीष मिश्रा से उनके क्लासमेट रहे सीएसपी रत्नेश तोमर, महाराजपुरा थाना प्रभारी आसिफ बेग, ईओडब्ल्यू डीएसपी संजय चतुर्वेदी आदि मिलने पहुंचे। वहीं मनीष मिश्रा का इलाज मानसिक अरोग्यशाला में डा. नंदलाल कर रहे हैं। वहीं ग्वालियर आने से पूर्व मनीष मिश्रा शिवपुरी में भी कई सालों तक चिंताहरण मंदिर के आसपास घूमते रहे हैं, शिवपुरी में एक समाजसेवी संस्था ने इनका इलाज कराया था जिसके बाद यह कुछ समय के लिए ठीक भी हुए थे, लेकिन बाद में यह फिर से अपनी पुरानी अवस्था में पहुंच गए थे।
मतगणना से वापस लौट रहे सीएसपी रत्नेश तोमर को वंदन गार्डन के पास एक विक्षिप्त मिला था, इस विक्षिप्त की दयनीय हालत देखकर सीएसपी रत्नेश तोमर ने इसे वहीं पर कपड़े व जूते दान किए थे, लेकिन जब यह वापस लौटे तो विक्षिप्त ने सीएसपी रत्नेश तोमर को उनके नाम से पुकारा तब सभी लोग चौंक गए थे कि एक विक्षिप्त उनका नाम कैसे जानता है। इसके बाद मनीष ने बताया कि उसने उनके साथ ट्रेनिंग की थी और वह पुलिस अधिकारी थे। इसके बाद सीएसपी रत्नेश तोमर ने मनीष मिश्रा को स्वर्ग सदन में पहुंचाया। वहां पर विकास गोस्वामी और उनकी टीम द्वारा मनीष की देखभाल की जा रही है। दीपावली पर सीएसपी रत्नेश तोमर सहित अन्य साथी उनसे मुलाकात करने पहुंचे।