रात का पारा बढ़ा, दिन में गर्मी सताने लगी

Nov 12 2020

ग्वालियर। मौसम विभाग की संभावना बीते 24 घंटे से टोटल सही साबित होती दिखाई दे रही है। न्यूनतन पारा जहां बढऩे लगा है, वहीं दिन का पारा स्थिर बना हुआ है। आने वाले 48 घंटों में शहर के पारे में कोई बड़ा परिवर्तन होने वाला नहीं है। गुरूवार सुबह फिर धुंध के कारण दिन का आगाज देर से हुआ, वहीं ठंड अपना असर दिखाती रही। ऐसे में लोगों ने पहले तो बिस्तर देर से छोड़ा उसके बाद भी ठंड के अहसास ने जल्दी घर से बाहर नहीं आने दिया।  तीन दिन से रात का पारा 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं जा रहा, वहीं अब बढ़कर 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, वहीं बुधवार को अधिकतम पारा फिर 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास मंडराता रहा, इसमें न उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई और न ही कमी। आद्र्रता जरूर 86 से घटकर 77 प्रतिशत रह गई, जिससे दिन में हल्की गर्माहट रही।
दस बजे के बाद ही तीखी हुई धूप
भले ही रात और सुबह लोगों को ठंड के अहसास ने कंपकंपाया हो, लेकिन सुबह दस बजे के बाद सूरज की किरणों में तेजी आते ही धूप से सीधा सामना करना मुश्किल सा लगने लगा था, इससे दिनचर्या तेजी से सामान्य हुई, लेकिन रात को फिर सर्दी जोर पकड़ेगी और दिनचर्या समय से पहले सिमट जाएगी।
मौसम में इस परिवर्तन के पीछे पुराना फैक्टर ही काम कर रहा है। पहाड़ी क्षेंत्रों में बर्फबारी का सिलसिला शुरु हुआ था, लेकिन अब यह थम गया है, जिससे ठंडी हवा का प्रवेश नहीं हो रहा है, वहीं बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी को छूट मिली हुई है, जिससे मौसम तेजी से नहीं बदल पा रहा, लेकिन जानकारों का कहना है कि 18 नवंबर के बाद पूरे देश के मौसम में बदलाव आएगा और इसका सीधा असर अंचल में महसूस होगा। उधर 18 नवंबर के बाद शहर में हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी जताई गई है, जिससे सर्दी को और बल मिलेगा।