कोचिंग संचालक की गोली मारकर हत्या

Nov 12 2020

 ग्वालियर। डीडी नगर में गत रात एक युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। युवक घर से बाहर शेविंग कराने के लिए बाइक से निकला था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को अलसुबह पांच बजे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या की सूचना जैसे ही क्षेत्र में फैली तो सनसनी मच गई। गुरुवार की सुबह महाराजपुरा थाना पुलिस और फोरेंसिक की टीम क्राइम स्पॉट पर पहुंची और जांच शुरू की। 
पुलिस ने बताया कि मिथुन उर्फ महादेव पुत्र हजारीलाल निवासी कंसाना कोठी के पास शतादीपुरम अपनी मौसी के लड़के की बर्थडे में जाने की तैयारी कर रहा था, उसके साथ उसका भाई विष्णु और चाचा का लड़का कल्ली भी जाने वाले थे। मिथुन रात 10:20 मिनट पर घर से बाइक लेकर महाराजा कॉपलेस की तरफ की तरफ शेविंग कराने के लिए निकला। दो घंटे हो जाने के बाद भी वह नहीं लौटा तो विष्णु ने उसे मोबाइल लगाया। कॉल पिक नहीं हुआ तो चिंता हुई। इसी दौरान साढ़े बारह बजे जब घर के बाहर खड़े कल्ली को जोर से पटाखा चलने की आवाज सुनी उसने आवाज को सुन गंभीरता से लिया। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर गया तो देखा कि सड़क के साइड में बाइक गिरी है और मिथुन पीठ के बल पड़ा हुआ था।
कल्ली ने यह देख विष्णु को जोर से आवाज दी। वह भी भागा-भागा आया और देखा कि उसके भाई मिथुन को दायीं कनपटी पर गोली लगी है और खून की धारा कपड़ों पर आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता ने कहा- किसी से नहीं है दुश्मनी
महाराजपुरा थाना पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता हजारीलाल छोटा-मोटा काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। रात को मिथुन की मौसी के लड़के का बर्थडे थे तीनों भाई जाने की तैयारी कर रहे थे। एकदम से यह वारदात हो गई। इसके अलावा पिता पुलिस को और कोई जानकारी नहीं दे सके।
फौज की तैयारी के साथ पार्टनरी में कोचिंग भी चलाता था
जानकारी के अनुसार मिथुन पढऩे में बहुत होशियार था। फौज की तैयारी कर रहा था। सुबह वह नियमित दौडऩे भी जाता था। इसके साथ ही वह किसी मित्र के साथ कोचिंग भी चलाता था। मृतक का परिवार मूल रूप से अंबाह का रहने वाला है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगालने का प्रयास कर रही है।