मेला मैदान में सजने लगा आतिशबाजी बाजार

Nov 10 2020

ग्वालियर। देर सबेर ही सही, लेकिन मेला मैदान में हर साल की तरह फुटकर आतिशबाजी बाजार सजने लगा है, दुकानदारों ने यहां पहुंचकर दुकानें तैयार करवानी शुरु कर दी दैं. कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए इस बार प्रशासन द्वारा मात्र 210 दुकानें लगाने की ही अनुमति प्रदान की गई है। वहीं इसके अलावा भी सुरक्षा के मद्देनजर तमाम तरह की हिदायतें यहां दुकान सजाने वालों को दी गई हैं।, जिसके द्वारा इन नियमों का उल्लंघन किया जाएगा उनका लायसेंस रद्द होगा। इस बार आमने सामने दुकानें नहीं लगेंगीं।
उल्लेखनीय है कि कोरोना के चलते इस बार मेला मैदान में आतिशबाजी की दुकानें लगाई भी जाएंगी, इस पर संदेह था, क्योंकि प्रशासन द्वारा इस पर किसी भी तरह का फैसला नहीं लिया जा रहा था, वहीं बीच में चुनाव आ जाने के कारण भी इस निर्णय में विलंब हुआ।
चूंकि आतशिबाजी विक्रेताओं ने प्रशासन के सामने अपनी मजबूरी और रोजगार का हवाला देते हुए दुकान लगाने की मांग की, जिस पर नए लायसेंस तो जारी नहीं हुए, लेकिन 210 दुकानदारों को दुकानें लगाने की परमीशन मिल गई। इनके साथ कुछ शर्ते जरूर जोड़ी गई हैं, मसलन इन्हे फायर फायटिंग सिस्टम लगाने के साथ ही रेत की बाल्टियां भी रखनी होंगीं। किसी भी तरह का ज्वलनशील पदार्थ यहां नहीं रखा जा सकेगा, साथ ही धूम्रपान पूरी तरह से निषेध होगा।
यह होंगे सुरक्षा के बंदोबस्त
सभी दुकानें निर्धारित पर्याप्त दूरी पर लगानी हैं। वहीं 24 घंटे फायर ब्रिगेड की गाड़ी और फायर अमला यहां मौजूद रहेगा। इधर दुकानदारों का कहना है कि इस बार उनके व्यापार पर विपरीत असर पड़ सकता है, क्योंकि आतिशबाजी का सामान काफी महंगा है, वहीं उन्हें दुकानें लगाने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिला।