डंपिंग साइड पर भड़की आग, 4 घंटे में बुझी

Nov 08 2020

ग्वालियर। ट्रांसपोर्ट नगर के पास स्थित ग्राम बर्रा के डंपिंग साइड में टनों कचरे में भड़की आग के चलते आग की लपटों को आसमान छूता देख आसपास की बस्तियों में रहने वाले हजारों परिवारों में दहशत फैल गई और आग की लपेटों को घरों के पास आता देख खुले मैदान में सर्द रात में घंटों खड़े होने को मजबूर हो गए। आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद पैतीस दमकल गाडिय़ां पानी फायर कर आग पर काबू पा लिया। सनद रहे कि बीते दो दिनों में ग्राम बर्रा स्थित इस डंपिंग साइड में दोबारा आग भड़कने से टीपी नगर सहित ग्राम बर्रा के आसपास रहने वाले हजारों परिवारों में आग को लेकर दहशत बनी हुई है।
शहर से निकलने वाला कचरा एकत्रित कर ट्रांसपोर्ट नगर के पास स्थित ग्राम बर्रा डंपिंग साइड पर पहुंचाया जाता है। बीते छह महीनों से शहर से निकलने वाला हजारों टनों कचरा इस डंपिंग साइड पर पड़ा हुआ है, दो दिन पहले भी डंपिंग साइड में पड़े कचरे में आग भड़क गई थी, जिसे दमकल कर्मियों ने पानी फायर कर आग पर काबू पा लिया था। लेकिन एक बार फिर डंपिंग साइड में उस समय आग भड़क गई जब आसपास के इलाके में रहने वाले हजारों परिवार गहरी नींद में अपने-अपने घरों में सोए हुए थे। तभी आग के गुबारों को आसमान छूता देख लोगों की नींद टूटी और घरों में अचानक गर्माहट पैदा होती देख हजारों परिवार घरों से बाहर खुले मैदान में जाकर खड़े हो गए। 
आग की सूचना मिलते ही दमकल के नोडल अधिकारी डॉ.अतिबल सिंह यादव अपने मातहतों के साथ मौके पर जा पहुंचे। और तत्काल आग बुझाने के लिए मौके पर आनंद नगर व महाराज बाड़े के साथ स्टेडियम स्थित दमकल मुख्यालय से दमकल की गाडिय़ां मंगवाकर आग बुझाने का काम शुरु किया गया। 
4 घंटे बाद पाया आग पर काबू
आग इतनी भयानक थी कि आग को बुझाने के लिए मौके पर छह पानी के टैंकरों के साथ पैतीस दमकल गाडिय़ों से लगातार चार घंटे पानी फायर कर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग पूरी तरह से बुझ सके इसके लिए कुछ अंतराल के बाद दमकल कर्मी पानी पानी फायर कर पूरी तरह से आग बुझाने का प्रयास कर रहे है। सनद रहे कि जिस स्थान पर शहर का कचरा डंप किया जा रहा है उसके आसपास घनी बसाहट होने से डंपिंग साइड में आग लगने से हजारों परिवारों की जान को खतरा पैदा हो जाता है।