प्रत्याशी भी पहुंचे अपने मत का उपयोग करने, मंत्री, अफसरों ने भी डाले वोट

Nov 03 2020

ग्वालियर। विधानसभा उपचुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशियों ने सुबह भगवान के मंदिर में पहुंचकर मत्था टेका और उसके बाद वोट डालने के लिए अपने-अपने पोलिंग सेंटरों पर पहुंच गए।
पोलिंग सेंटरों पर पहुंचकर प्रत्याशियों ने सबसे पहले स्थिति देखी और इसके बाद पीठासीन अधिकारियों को परिचय पत्र दिखाते हुए लिस्ट से अपना नामनिकलवाया। प्रत्याशियों को खड़ा देख पीठासीन अधिकारियों ने कतार में खड़े मतदाताओं से कहा कि वह 2 मिनट के लिए रूक जाएं।
प्रत्याशियों के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया, इसके बाद ईवीएम का बटन दबाया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से भी चर्चा की।
प्रत्याशी अपने मतों का उपयोग करने के बाद निर्वाचन क्षेत्र में सर्वे के लिए समर्थकों के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर स्थिति को टटोल रहे थे। किस मतदान केंद्र पर ज्यादा मतदान हो रहा है और किसके पक्ष में हो रहा है यह भी जान रहे हैं।