मतदान आज, शाम तक सामग्री लेकर दल हुए रवाना

Nov 02 2020

 ग्वालियर। जिले में विधानसभा उप चुनाव के लिए सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। मंगलवार को जिले की ग्वालियर ग्वालियर पूर्व एवं डबरा सुरक्षित सीट पर मतदान होगा। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इस दौरान कोविड नियमों का भी पालन किया जाएगा।  
मतदान दल सोमवार को एमएलबी कॉलेज से वीवीपैट एवं ईवीएम सहित सभी प्रकार की मतदान सामग्री लेकर विशेष वाहनों से मतदान दलों को उनके मतदान केन्द्रों के लिये रवाना हुए।  मतदान सामग्री वितरित करने के लिये एमएलबी कॉलेज परिसर में विधानसभा क्षेत्रवार काउण्टर और मतदान दलों के सहयोग के लिये उदघोषणा कक्ष बनाए गए। मतदान सामग्री वितरण व संकलन के लिए हर विधानसभा क्षेत्र के मान से दो प्रकार के काउण्टर बनाए गए । एक काउण्टर पर ईवीएम, वीवीपैट एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रपत्र वितरण का काम हो रहा था, दूसरे काउण्टर से शेष सामग्री वितरित की।
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15-ग्वालियर केलिये 16-16 काउण्टर, विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व के लिये 18-18 काउण्टर एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 19-डबरा(अजा) के लिये 13-13 काउण्टर बनाए गए। हर काउण्टर पर 8 अधिकारी- कर्मचारी सामग्री वितरण व प्राप्ति के लिये तैनात थे। 
कर्मचारियों ने मतदान टीमों को दी थैली
मतदान दलों को मतदान सामग्री की थैली के लिये कहीं जाने की जरूरत नहीं रही उन्हें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के काउण्टर के समीप निर्धारित किए गए स्थल पर ही वितरण में लगे कर्मचारी यह थैली प्रदान की। मतदान सपन्न होने के पश्चात मतदान सामग्री एमएलबी कॉलेज में ही जमा की जायेगी। यहीं पर विधानसभा क्षेत्रवार बनाये गये स्ट्रांग रूम में ई व्ही एम. कड़ी सुरक्षा के बीच सील्ड कर रखी जायेंगी।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1188 मतदान केन्द्र 
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि विधानसभा उप चुनाव के लिये जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 285 सहायक मतदान केन्द्रों सहित कुल 1188 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें विधानसभाक्षेत्र-15 ग्वालियर के 409, विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व के 447 एवं विधानसभा क्षेत्र 19-डबरा (अजा) के332 मतदान केन्द्र शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ग्वालियर शहर में स्थित मतदान केन्द्र 365 भवनों में स्थापित किए गए हैं।
एक सैकड़ा मतदान केन्द्रों पर होगी वेबकास्टिंग
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 100 मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 88 स्थानों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही 49 माइक्रो ऑजर्वर भी विभिन्न मतदान केन्द्रों पर तैनात रहेंगे। मंगलवार सुबह से मतदान पर निगरानी रखने के लिये 98 सेक्टर अधिकारी लगातार अपने-अपनेक्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर पहुँचेंगे। साथ ही सेक्टर पुलिस अधिकारी भी भ्रमण पर रहेंगे। केन्द्रीय सुरक्षा बलों की 10 कंपनियों सहित स्थानीय पुलिस बल मतदान केन्द्रों पर तैनात किया जायेगा।