अब तो सूरज ढलते ही लग रही सदी

Oct 31 2020

ग्वालियर। उत्तराखंड में बर्फबारी का बड़ा असर अब शहर में महसूस किया गया है। बीते 12 घंटे से तेज ठंडी उत्तरी हवा ने पारे को सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे गिरा दिया है, वहीं कल अधिकतम पारा भी सामान्य से नीचे दर्ज हुआ, जिसके असर से अब शहर की फिजा में लगातार ठंडक घुलती जा रही है, कल जहां शाम को ही ठंड ने अपनी अच्छी उपस्थिति दर्ज कराते हुए यह जता दिया था कि अब वह पैर पीछे खींचने वाली नहीं, तब मौसम के रुख अनुसार रात बेहद सर्द हो गई और देर रात से ही तेज ठंडी हवा ने भी शहर में दस्तक दे दी। ऐसे में शनिवार ंसुबह लोगों को जागने के बाद फिर तेज ठंड का सामना करना पड़ा, दस बजे तक सूरज की किरणों में तेजी नहीं थी, जिसके चलते गर्म कपड़े पहनने पड़े, लेकिन लोगों ने गुनगुना धूप का जमकर आनंद लिया। यह अलग बात है कि ठंडाए मौसम का असर जनजीवन पर दिखाई दिया।                 पार्कों में पहुंच रहे लोग
अब तक जहां लॉकडाउन के कारण शहर के पार्कों में ताले लटके थे, पार्क के ताले खुलने के बाद अब सुबह से लोग यहां पहुंचकर गुलाबी सर्दी के साथ हल्की-हल्की धूप सेंकने खूब पहुंच रहे हैं। लोग परिवार और मित्रों के साथ आज सुबह से पार्कों में दिखे, जिससे यहां खूब भीड़ रही। उधर ठंड के साथ ही मॉर्निंगवॉक पर जाने वालों की संख्या में कुछ कमी आई है, वहीं कई लोग देर से घर से निकल रहे हैं।                       
मौसम में परिवर्तन के साथ ही एक बार फिर गुलाबी ठंड के बीच गुनगुनी धूप में चाय के ठेलों और गुमटियों पर हल्की चुस्कियों के साथ भीड़ जुटनी शुरु हो गई है। लोग इस मौसम का मजा भी छोडऩा नहीं चाहते, बल्कि सुबह ही गर्म कपड़े पहनकर यहां पहुंचते हैं और फिर जमकर हर मुद्दे पर वार्तालाप भी होता है।