रोड शो में भाजपा ने दिखाई ताकत

Oct 31 2020

ग्वालियर। उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दौर में ग्वालियर व ग्वालियर पूर्व में भाजपा प्रत्याशियों की जीत में किसी तरह की कमी ना रहे, इसलिए भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता एकजुट हुए और रोड शो के द्वारा भाजपा की ताकत दिखाई। दस किलोमीटर लंबे रोड शो में जनता ने जगह-जगह सीएम शिवराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रत्याशियों, पदाधिकारियों व अन्य कार्यकर्ताओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। दस किलोमीटर लंबे रोड शो में जनता के स्वागत से भाजपा नेता व प्रत्याशी अभिभूत नजर आए। वहीं रोड शो के चलते कई जगह जाम में फंसकर लोग परेशान होते दिखे।
ग्वालियर और ग्वालियर पूर्व विधानसभा में रोड शो में शामिल सीएम शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर का स्वागत करने के लिए लोगों में होड़ लगी रही।
पदाधिकारियों से लिया फीडबैक
रोड शो के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान रात्रि प्रवास के लिए होटल पहुंचे और यहां पर चुनिंदा पदाधिकारियों के साथ बैठक लेकर प्रत्याशियों का फीड़बैक लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। जिससे प्रचार में कोई कमी ना रहने पाए।
रोड शो के दौरान भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न सिंह तोमर के समर्थकों ने रोड पर लाइटिंग कर पूरा इलाका जगमग करवाया था, जिससे दीपावली से पूर्व ही लोगों को दीपावली का अहसास हो गया। चुनाव प्रचार खत्म होने से एक दिन पहले निकाले गए रोड शो में कार्यकर्ताओं के साथ ही जनता भी भाजपामय नजर आई।