भीड़ बढ़ते ही बाजारों में लगा जाम फुटपाथियों ने भी किया कब्जा

Oct 29 2020

ग्वालियर। त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में खरीदारों की भीड़ हर रोज बढ़ती जा रही है। महिलाएं करवाचौथ के लिए कपड़ों से लेकर शृंगार का सामान खरीदने पहुंच रही हैं। नवरात्रि के बाद बाजारों में खरीदारों की बूम आ गई है जिससे दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं तो वहीं सड़क पर फुटपाथियों का कब्जा होने और पुलिस प्रशासन की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण हर रोज जाम की स्थिति बन रही है।
त्योहारी सीजन में कारोबार अच्छा होने की उम्मीद दुकानदार लगाए बैठे हैं और दुकानदारों की यह उम्मीद पूरी होती भी नजर आ रही है। बाजारों में खरीदारों की भीड़ हर रोज बढ़ती जा रही है, जिस कारण कई जगह जाम की स्थिति निर्मित होने लगी है। नवरात्रि के साथ ही खरीदारों की भीड़ दिखाई देने लगी थी और नवरात्रि, दशहरा खत्म होने के बाद शरद पूर्णिमा, करवाचौथ और दीपोत्सव की खरीदारी के लिए लोग अभी से ही बाजारों में पहुंच रहे हैं। आलम यह है कि शाम होते ही कई जगह जाम की स्थिति बन रही है तो सुबह से शाम तक कपड़ें, शृंगार, सोना-चांदी, जेवर से लेकर बर्तनों की खरीदारी करते हुए लोग नजर आ रहे हैं। 
महाराज बाड़े के आसपास फुटपाथी दुकानदारों के लिए जगह की तलाश प्रशासन कर रहा है। प्रशासन की तलाश अब तक पूरी नहीं हो पाई है। नजरबाग मार्केट, सुभाष मार्केट, गांधी मार्केट, मोर बाजार, टोपी बाजार में फुटपाथी दुकानदारों का पूरी तरह से कब्जा है।
डाकघर व स्टेट बैंक के बाहर भी सड़क पर दुकानें सजी होने के कारण जाम की स्थिति बन रही है। वहीं मुरार के सदर बाजार और हजीरा चौराहे के आसपास भी स्थिति बदतर है। यहां जाम लगा रहता है। जाम लगने का कारण फुटपाथी दुकानदारों के साथ-साथ सड़क पर वाहन पार्क होना है।
महाराज बाड़े पर भीड़ बढऩे के बाद कई जगह जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। सराफा बाजार, गोरखी स्काउट, दौलतगंज में वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे हैं लेकिन इसके बाद भी पुलिस व नगर निगम न तो सड़क किनारे लगे वाहनों को हटा रही है और न ही फुटपाथी दुकानदारों को। भीड़ बढऩे के बाद पुलिस यात्री वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालना शुरू कर देती है, लेकिन पुलिस अफसरों का कहना है कि चुनाव ड्यूटी के कारण ट्रैफिक रोकना मुश्किल हो रहा है, इसलिए दीपावली के समय पर ही वाहन रोके जाएंगे।