सुबह हुआ पूजन, शाम को दशानन दहन

Oct 26 2020

ग्वालियर। बुराई पर अच्छाई का और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक दशहरे का पर्व सोमवार सुबह से ही मनाया जा रहा है और घरों में शस्त्र पूजन हो रहा है तो फैक्ट्रियों में मशीनों की पूजा की जा रही है। दशहरे के पर्व पर वाहनचालक अपने वाहनों को धोकर विधि-विधान से पूजा अर्चना करते हुए भोग लगा रहे हैं। विजयादशमी का पर्व, तिथि के चलते 2 दिन मनाया जा रहा है,कुछ लोगों ने इस पर्व को रविवार को मनाया और बुराई का अंत करते हुए रावण के पुतलों का दहन किया तो कई लोग सोमवार को दशानन के पुतलों का दहन करेंगे, जिसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
ज्योतिषियों के अनुसार दशमीं तिथि 25 अक्टूबर को सुबह 7.41 पर शुरू हो गई जो सोमवार 26 अक्टूबर को सुबह 9 बजे तक है, जिसके चलते विजयादशमी का पर्व दो दिन मनाया जा रहा है। आदिशक्ति मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला कल से शुरू हो गया जो आज भी जारीहै, कई लोगों ने देर रात तक भंडारे के आयोजन किए और आज सुबह से ही गाजे-बाजे के साथ जगत जननी मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विसर्जन करने के लिए जलाशय पर ले जा रहे हैं।
फूलों की बढ़ गई मांग
आज दशहरे पर फूल-मालाओं की बिक्री तेजी से हो रही है जिसके चलते फूल के दामों में भी महंगाई का तड़का लगा हुआ है, 20 रुपए में बिकने वाली माला 30 से 40 रुपए में बिक रही है तो गुलाब की माला 50 की हो गई है।