बिजली ट्रांसफार्मरों के नीचे कचरा, हो सकता है हादसा

Oct 26 2020

ग्वालियर। बिजली ट्रांसफार्मरों के नीचे कचरे के ढेर लगे हैं, जिनमें यदि आग लगती है या फिर कोई शरारती तत्व इस तरह की हरकत कर देते हैं तो फिर गंभीर हादसा घटित हो सकता है, इस तरह की घटनाएं पहले भी कई बार घटित हो चुकी हैं, इसके बावजूद न तो इस गंभीर मामले को लेकर नगर निगम को ही कोई चिंता है और न ही बिजली कंपनी को फिक्र, वह किसी बड़े हादसे के इंतजार में हैं। ऐसा नहीं है कि क्षेत्रीय लोगों ने इस लापरवाही की ओर दोनों ही विभागों का ध्यान कई बार आकर्षित कराया, लेकिन नतीजा शून्य ही रहा। उल्लेखनीय है कि शहर में अधिकांश कचरा ठीए बिजली के ट्रांसफार्मरों के आस पास या फिर नीचे ही बने हैं, जहां कचरे के बड़े ढेर जमा हो गए हैं। कई बार निगम के सफाई कर्मचारी भी काम करने से बचने के लिए कचरे में आग लगा देते हैं, वहीं कई मामलों में यह भी देखने में आया है कि हवा के साथ कहीं से चिंगारी लगने पर कचरा धू-धू कर जलने लगता है। यही हालात अब शहर में बने हुए हैं, एक पखवाड़े से वैसे भी कचरा ठीक से नहीं बटोरा जा रहा, जिसके चलते अब यह कचरे के ढेर बड़ा रूप ले चुके हैं और यदि इनमें आग लगती है तो ऊपर लगे ट्रंासफार्मरों में ब्लास्ट हो सकता है, जिसके गंभीर परिणाम होंगे। यह हालात केवल गली-मोहल्लों में ही नहीं, बल्कि शहर के कई बाजारों और मैन रोड पर भी हैं। ऐसे में बड़े हादसे को टाला नहीं जा सकेगा।
नई सड़क स्थित आपटे की पायगा के बाहर फिल्मिस्तान टॉकीज के समीप, त्रिवेदी नर्सिंगहोम के पास, दौलतगंज में सूर्यदेव मंदिर के समीप, पुराने थाने के पास जनकगंज, सिविल डिस्पेंसरी जनकगंज, गुड़ागुड़ी का नाका, हेमसिंह की परेड के साथ ही रोशनीघर रोड पर बने निगम के पार्क के समीप जहां से मात्र दस कदम दूर बिजली कंपनी का दफ्तर है। इसके अलावा भी शहर में कई जगह इसी तरह की लापरवाही बरती जा रही है, जो काफी गंभीर साबित हो सकती है।