त्योहार आते ही चेन स्नेचर्स का आतंक, सब्जी खरीदने बई महिला चेन लूटी

Oct 23 2020

ग्वालियर। सब्जी खरीदकर आ रही किराना कारोबारी की पत्नी से झपट्टा मार कर बाइक सवार बदमाश सवा तोला वजनी सोने की चेन लूट ले गए। वारदात माधौगंज थाना क्षेत्र के इंद्रलोक गार्डन के पास में गुढ़ा की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद बाइक सवारों की तलाश में नाकाबंदी कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
माधौगंज थाना क्षेत्र के वैष्णो विहार कॉलोनी निवासी श्यामवीर सिंह चौहान पेशे से किराना कारोबारी है और घर पर ही उनकी किराना शॉप है। उनकी पत्नी गीता चौहान गुढ़ा-गुढ़ी का नाका स्थित सब्जी मण्डी में सब्जी खरीदने के लिए आई थी। सब्जी खरीदने के बाद वह वापस लौट रही थी। अभी वह इंद्रलोक गार्डन के पास पहुंची ही थी कि तभी एक युवक आया और उसके पीछे-पीछे चलने लगा।
अचानक युवक ने उसके गले पर झपट्टा मारा और गले से सोने की सवा एक तोला वजनी सोने की चेन झपट ली और दौड़ लगाकर पास ही बाइक स्टार्ट कर खड़े साथी के साथ बैठकर फरार हो गया। घटना का शिकार पीडि़ता ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग एकत्रित हो गए और कुछ युवकों ने अपने वाहनों से पीछा भी किया, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं आए। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
चेन लूटकर भाग रहे बदमाश को पकडऩे के लिए गीता ने दौड़ लगाई। वह बदमाश को पकडऩे में सफल भी हो जाती, लेकिन पैर फिसलने से वह गिर गई और बदमाश भाग निकले। 
वारदात को अंजाम देने वाला बदमाश मुंह पर सफेद गमछा बांधे हुए था और उसने मटमैली टीशर्ट व नीला जींस पहना था, वह दौहरे बदन का था।