मां की भक्ति की आराधना में जुटे भक्त

Oct 20 2020

ग्वालियर। भक्ति की शक्ति मां दुर्गा की आराधना करते हुए भक्त मनोकामनाएं मांग रहे हैं। नवरात्रि के चलते मंदिरों में भक्तों की भीड़ हर रोज बढ़ती जा रही है और शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए प्रबंधन द्वारा विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं तो वहीं पण्डालों में भी धार्मिक आयोजन का सिलसिला शुरु हो गया है। देवी पण्डालों में भगवती जागरण हो रहे हैं तो कई भक्त व्रत रखते हुए कन्याओं को भोज करा रहे हैं। शक्ति की आराधना का पर्व का आज चौथा दिन है। 
सांतऊ स्थित शीतला माता मंदिर पर पहुंचने वाले भक्तों की संख्या में कमी आ गई है। मंदिर प्रबंधन द्वारा इस बार मेले का आयोजन शासन की गाइडलाइन अनुसार नहीं कराया जा रहा है तो वहीं यहां पहुंचने वाले भक्तों को भी राहत मेला नहीं लगने के कारण मिली है। इसकी मुख्य वजह यह है कि मेला भरने के कारण वाहनों को एक किलोमीटर दूरी पर ही रोक दिया जाता था लेकिन अब भक्त अपने वाहन भवन के पास तक ले जा पा रहे हैं वहीं शहर के देवी मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ लगी हुई है।