सास-ससुर, साले का सिर फोड़ा, पत्नी को चाकू मारा, दामाद ने लाठी-सरियों से किया हमला

Oct 19 2020

ग्वालियर। बेटी की ससुराल में हो रही कलह का पता चलते ही मां-भाई सहित अन्य परिजन समझाइश देने पहुंचे तो दामाद ने सास, सालों की लाठी सरियों से मारपीट कर दी। मां-भाई को घायल देखकर बेटी बचाने पहुंची तो दामाद ने उसे भी चाकू मार दिया। घटना माधौगंज थाना क्षेत्र के नादरिया पहाडिय़ा की है। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी खदेड़ दिया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस को देखकर हमलावर फरार हो गए। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए भर्ती कराकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
दतिया निवासी सपना का विवाह वर्ष 2019 में माधौगंज थाना क्षेत्र के नादरिया पहाडिय़ा निवासी वीरू चौहान (वाल्मीक) से हुआ था। विवाह के बाद से ही वीरू तथा उसके परिजन सपना को परेशान कर मारपीट करते थे। वीरू तथा उसके परिजनों ने सपना की मारपीट की थी, इस पर सपना ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही सपना की मां ताराबाई, पिता हरि सिंह, भाई करण, राहुल, चंदन उसकी ससुराल पहुंचे और वीरू तथा उसके परिजनों को समझाने का प्रयास किया तो वे विवाद पर उतर आए। इस पर सपना के परिजनों ने उसे वापस मायके ले जाने को कहा, तो वीरू व उसके परिजनों ने उन पर लाठी, सरिया से हमला बोल दिया। परिजनों को बचाने के लिए जब सपना आई तो पति ने उसके गले पर चाकू मार दिया। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग उन्हें बचाने पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी खदेड़ दिया। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया। 
इनके खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने सपना की शिकायत पर पति वीरू, सास कमला, कमलेश, उमेश, तुसार, रजनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं हादसे में घायल सपना, ताराबाई, हरि सिंह, करण, राहुल, चंदन को उपचार के लिए भर्ती करा दिया है।