निकाले गए कर्मचारियों को वापस लो

Oct 19 2020

ग्वालियर। शहर को साफ रखने का दावा नगर निगम कर रही है और  दूसरी ओर ईको ग्रीन कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। त्योहार के दौरान इन कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने से इनके परिवार पर संकट छाएगा इसलिए नगर निगम को इन कर्मचारियों को कलेक्ट्रेट रेट पर भर्ती किया जाना चाहिए। इस मांग को लेकर सोमवार की सुबह सीटू ने एक विशाल रैली निकाली जो फूलबाग से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए नगर निगम मुख्यालय पहुंची, जहां सीटू कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया। सीटू नेता अखिलेश यादव का कहना था कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है और कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा है। ईको ग्रीन कंपनी कार्य नहीं कर रही है तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाए न कि कर्मचारियों को बेरोजगार किया जाए।
 शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे इसके लिए ईको ग्रीन कंपनी से हटाए गए कर्मचारियों को नगर निगम में भर्ती किया जाए और उन्हें कलेक्ट्रेट रेट पर वेतन दिया जाए। सैंकड़ों की संख्या में ईको ग्रीन के कर्मचारी और सीटू नेता के जुलूस निकालने के कारण कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। मुख्यालय पर प्रदर्शन के बाद ज्ञापन भी दिया गया। इस दौरान पुलिस मुस्तैद रही।