राहुल से कमलनाथ तक कांग्रेस की संस्कृति में बसा है महिला का अपमान- पाठक

Oct 19 2020

ग्वालियर। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कन्यापूजन करते हैं, उनके पैर पूजते हैं और उनके लिए योजना बनाकर उनका भविष्य संवारते हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ कमलनाथ ने डबरा की सभा में जिस तरह से हमारी बहन और हमारी प्रत्याशी श्रीमती इमरती देवी के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल किया उसकी हम कड़ी निंदा करते हैं। उनका यह बयान उनके मानसिक दिवालियेपन का सबूत है। इन शब्दों से मुझे बहुत व्यथा हो रही है। यह बात आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान सीधी की सांसद श्रीमती रीति पाठक ने कही।
उन्होंने कहा कि कमलनाथ के शब्द अशोभनीय है। उन्होंने कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने 10 अक्टूबर, 2017 को बड़ोदरा में लोगों से यह पूछा था कि क्या संघ की शाखाओं में महिलाएं स्कर्ट पहने दिखती हैं? इससे पहले भी वो महिलाओं के प्रति अपनी नफरत को दर्शा चुके हैं। क्या राहुल गांधी का मस्तिष्क घूम गया है जो इस प्रकार की बात करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद नटराजन को टंच माल कहा। यह कांग्रेस नेताओं की संस्कृति है।
उन्होंने कहा कि जब देश मिस वल्र्ड के एक और ताज मिलने की खुशी में डूबा था और लोग मिस वल्र्ड मानुषी छिल्लर की बधाईयां दे रहे थे, तब कांग्रेस के नेता शशि थरूर ने मिस वल्र्ड मानुषी छिल्लर का मजाक उड़ा रहे थे। उन्होंने छिल्लर को चिल्लर कहकर कटाक्ष किया था। थरूर की गंदी सोच उनके 19 नवंबर 2017 के ट्वीट से झलकती है जिसमें उन्होंने लिखा था, हमारी मुद्रा का विमुद्रीकरण करना कितनी बड़ी भूल थी। बीजेपी को इस बात का अहसास होना चाहिए कि भारतीय मुद्रा का विश्व भर में वर्चस्व है, देखिए हमारी चिल्लर भी मिस वल्र्ड बन गई है। थरूर ने ऐसे शब्दों का प्रयोग कर महिलाओं का अपमान किया है। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अभिजीत मुखर्जी ने निर्भया गैंगरेप कांड के बाद महिला प्रदर्शनकारियों का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि प्रदर्शन के बाद ये महिलाएं रात को मेकअप से पुतकर पब में जाएंगी। श्रीमती रीति पाठक ने इस अवसर पर कहा कि यह हैं कांग्रेस के संस्कार। क्या कांग्रेस के नेताओं को मानसिक रूप से इस तरह तैयार किया जाता है और इस तरह के संस्कार दिये जाते हैं, इन लाइनों को पढ़कर अच्छा नहीं लगता है। हम चुनाव के मैदान में हैं, प्रदेश की जनता ने पूरी जिम्मेदारी से हमें प्रदेश की जिम्मेदारी दी है। ऐसी टिप्पणी करना जायज नहीं है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता और प्रदेश की महिलाओं ने आज पूरे प्रदेश में इसका विरोध किया है और इन उपचुनावों में कमलनाथ की इस टिप्पणी का विरोध जनता अपने मत द्वारा भाजपा के पक्ष में मतदान कर देगी। 
इस अवसर पर कमल माखीजानी, उदय अग्रवाल, श्रीमती सुमन शर्मा, श्रीमती नीरू ज्ञानी, पवनकुमार सेन उपस्थित थे।