अवैध संबंधों की शंका में युवक पर कुल्हाड़ी से हमला

Oct 19 2020

ग्वालियर। पत्नी से अवैध संबंधों की शंका में एक युवक पर महिला के पति ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना इंदरगंज थाना क्षेत्र के इंद्रमणी मॉल के पास सोमवार की है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को गंभीर हालत में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नई सड़क स्थित शांति नगर निवासी समीर खान पेशे से मैकेनिक है और शिंदे की छावनी पर शॉप पर काम करता है। रोजाना की तरह सोमवार की सुबह भी वह घर से दुकान जा रहा था। अभी वह राम मंदिर के पास स्थित इंद्रमणि मॉल के पास पहुंचा था कि तभी एक युवक ने उसकी बाइक को धक्का देकर गिरा दिया। बाइक गिरने के बाद समीर संभलने का प्रयास कर रहा था कि तभी युवक ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। घटना को देखत  ही वहां पर मौजूद लोग भाग निकले और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल समीर को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। 
जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि हमले में समीर को कुल्हाड़ी के पांच वार है और उसकी दो हड्डी टूट गई है। पुलिस जांच में पता चला है कि हमलावर अनवर है और उसे शंका है कि उसकी पत्नी से घायल की दोस्ती है। पिछले माह भी उनके बीच विवाद हुआ था, जिस पर थाने में उनके बीच समझौता हुआ था।