किसान की मौत पर गुस्साए कांग्रेसी

Oct 19 2020

ग्वालियर। मांधाता विधानसभा क्षेत्र के मूंदी में हुई राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया की सभा से पहले हुई किसान की मौत के बाद कांग्रेसी गुस्साए हैं और भाजपा के खिलाफ धरना दे रहे हैं। सोमवार की सुबह कांग्रेस ने नदी गेट के पास राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ धरना देते हुए अपनी आवाज बुलंद कर कहा कि भाजपा किसान विरोधी पार्टी है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा ने धरना देते हुए कहा कि एक समय था जब स्व. माधवराव सिंधिया की सभा में किसी भी प्रकार की घटना हो जाती थी तो सभा को रोक दिया जाता था लेकिन सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा को करने के लिए मृत की देह पर कपड़ा डाल दिया और इस सभा को करते रहे इससे ऐसा लगता है कि इनकी मानवता खत्म हो गई है। यह सभी के लिए शर्मसार है। ऐसी सरकार को सबक सिखाना चाहिए। इस धरने को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक प्रवीण पाठक, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रुचि ठाकुर, एवरन सिंह, महाराज सिंह पटेल, कुसुम शर्मा सहित कई कांग्रेसियों ने संबोधित किया।