एमपीसीसीआई का नवीन सचिवालय लोकार्पित

Oct 18 2020

ग्वालियर। म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री (एमपीसीसीआई) के नवीन सचिवालय का चेम्बर अध्यक्ष-विजय गोयल सहित पूर्व अध्यक्ष-डॉ. वीरेन्द्र कुमार गंगवाल, संयुक्त अध्यक्ष-प्रशांत गंगवाल, उपाध्यक्ष-पारस जैन, मानसेवी सचिव-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-ब्रजेश गोयल एवं कोषाध्यक्ष-वसंत अग्रवाल द्बारा दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त अध्यक्ष-प्रशांत गंगवाल ने कहा कि नवीन सचिवालय के संबंध में काफी दिनों से बात चल रही थी। हम पदाधिकारियों ने तय किया कि आरओसी वाले भवन को नवीन सचिवालय के रूप में विकसित किया जाये। इस कार्य में हमारा सहयोग आर्किटेक्ट विक्की गिडवानी द्बारा दिया गया। काफी चिंतन के बाद नवीन सचिवालय बनाया गया है।
एमपीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष-डॉ. वीरेन्द्र गंगवाल ने कहा कि इतिहास बदलता है, पदाधिकारी बदलते हैं परंतु  पदाधिकारियों की नवीन टीम ने चेम्बर की ज्योग्राफी को बदल दिया है। यह बहुत मुश्किल काम था। आज बहुत अच्छा लग रहा है। चेम्बर लगातार प्रगति कर रहा है, इसके लिए सभी को बहुत-बहुत बधाई। नवीन सचिवालय में सभी पदाधिकारियों के लिए केबिन बनाये गये हैं, इससे सभी पदाधिकारी अपने दायित्व को उत्साह के साथ निभायेंगे।
एमपीसीसीआई अध्यक्ष-विजय गोयल ने कहा कि शारदीय नवरात्रि व अग्रसेन जयंती की सभी को बहुत-बहुत शुभकामनायें। मां लक्ष्मी से प्रार्थना है कि कोरोना महामारी समाप्त हो ताकि हम सब खुशहाल हो सकें। आपने कहा कि हमारे पूर्वजों ने इस संस्था को सींचा है और आज यह संस्था 114 वर्ष पूर्ण कर चुकी है। मैं इस अवसर पर सभी पूर्वजों को नमन करता हूं। मैं इस संस्था में वर्ष 1974 से अपने परिजनों के साथ आता रहा हूं और वर्ष 1991 से कार्यकारिणी समिति में रहकर चेम्बर की गतिविधियों को देखता आया हूं।आचार संहिता और शुभ मुहुर्त होने के कारण आज स्वयं मुझे इस नवीन सचिवालय को लोकार्पित करने का अवसर प्राप्त हुआ है। इसके लिए मैं अपने सभी साथी पदाधिकारियों एवं चेम्बर सदस्यों का आभारी हूं।
कार्यक्रम का संचालन मानसेवी सचिव-डॉ. प्रवीण अग्रवाल एवं आभार कोषाध्यक्ष-वसंत अग्रवाल द्बारा व्यक्त किया गया।