डबरा जा रहे कांग्रेसी नेताओं का वाहन दुर्घटनाग्रस्त

Oct 18 2020

 ग्वालियर। रविवार को डबरा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की चुनावी सभा में शामिल होने जा रहे कांग्रेसी नेताओं का वाहन मोड पर सड़क पार कर रहे कुछ ग्रामीणों को बचाने के फेर में डिवायडर पर चढ़कर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री बालेंदु शक्ुला और भगवान सिंह यादव घायल हो गए। जैसे ही हादसा हुआ उसी दौरान पीछे चल रहे वाहन में बैठे अन्य कांग्रेसियों ने वरिष्ठ नेताओं को बाहर निकाला। हादसे में पूर्व मंत्री श्री यादव और श्री शुक्ला को ज्यादा चोटें लगी हैं। 
जानकारी अनुसार डबरा में आयोजित होने वाली सभा में सुबह के समय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वाहन में सवार होकर रवाना हुए थे। जैसे ही वाहन सिमरिया टेकरी पर पहुंचे तो टेकरी पर कुछ गांव के लोग सड़क पार कर दूसरी तरफ जा रहे थे मोड़ पर वह दिखे नहीं। जैसे ही चालक को लोग दिखे तो उन्हें बचाने के चकर में चालक रामू शर्मा ने वाहन को डिवायडर पर चढ़ा दिया। इससे लोग तो चपेट में आने से बच गए, लेकिन वाहन में बैठे वरिष्ठ नेताओं को कार डिवायडर पर चढऩे से गंभीर चोटें आईं। घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी भी ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए।