नमी में गिरावट, दिन गर्म, रात ठंडी

Oct 17 2020

ग्वालियर। आंधप्रदेश और इंदौर के बीच फंसा मानसून अब आगे बड़ गया है, इसके साथ ही शहर की फिजा में नमी की मात्रा घटने से शहर के मौसम में फिर बदलाव आया है, जिसके चलते बीती रात और शनिवार सुबह फिर गुलाबी सर्दी ने अपनी उपस्थिति का अहसास कराया, भले ही दोपहर में धूप में ज्यादा चटक नहीं थी,
लेकिन गर्मी ने अपना प्रभाव बनाए रखा। भले ही मौसम के जानकार फिर बूंदाबांदी की संभावना जता रहे हैं, लेकिन इससे गर्मी पर कोई प्रभाव नहीं पडऩे वाला। नमी बढऩे के कारण शुक्रवार को जहां न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया था, वहीं शनिवार को गिर कर 21 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। आने वाले 24 घंटे में इसमें और गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे सुबह देर तक लोग गर्मी से राहत महसूस करते हुए हल्की धूप का आनंद ले सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस बार बरसात कम होने के कारण सर्दी जोर नहीं पकड़ पा रही है, यही कारण है कि अक्टूबर का एक पखवाड़ा बीतने के बाद भी सर्दी अपना असर नहीं दिखा पा रही है। इसके पीछे एक बड़ा कारण मौसम विभाग ने लौटते मानसून का बीच में ही अटक जाना बताया था, जिससे बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी की मात्रा तेजी से बढ़ी थी और आद्र्रता 77 प्रतिशत से ऊपर पहुंच जाने के कारण तापमान बढ़ रहा था, लेकिन अब अच्छी खबर यह है कि अटका मानसून आगे बढ़ गया है, जिससे 48 घंटे के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं मॉस्चर के चलते बंूदाबांदी और बादल शहर के मौसम को दो से तीन दिन सुहाना बना सकते हैं।