पीओपी की देवी प्रतिमाओं से सजा बाजार

Oct 16 2020

ग्वालियर। भक्ति की शक्ति मां दुर्गा की आराधना का पर्व आज से शुरू होगा जिसके लिए शिल्पकार मिट्टी की मूर्तियां बनाने में जुटे हैं तो वहीं कई लोगों ने पीओपी कीमूर्तियां बेचनी शुरू कर दी है। पंडालों में मूर्ति की स्थापना का सिलसिला शनिवार सुबह से शुरू हो जाएगा और इसके लिए कई लोग मिट्टी की मूर्ति खरीदने के बजाए पीओपी की मूर्ति की बुकिंग करा रहे हैं।
पीओपी की मूर्ति पर्यावरण के लिए घातक है और जिला प्रशासन ने भी इस पर पाबंदी लगाई है। प्रशासन के प्रतिबंध के बाद भी पीओपी की देवी प्रतिमाओं का बाजार सज गया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का यह नजर नहीं आ रहा है।
प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) की देवी प्रतिमाओं पर जिला प्रशासन द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है, इसकी मुख्य वजह यह है कि मूर्तियां पानी में विसर्जित करने के बाद भी गलती नहीं हैं और पर्यावरण के लिए भी घातक रहती हैं। मूर्तियां नहीं गलने से जलाशयों का पानी दूषित होता है। प्रशासन ने नगर निगम और प्रदूषण विभाग के अधिकारियों को आदेशित किया था कि पीओपी की मूर्ति नहीं बिकनी चाहिए इसके साथ ही मूर्तिकारों को भी हिदायत दी गई थी कि वह पीओपी की प्रतिमाएं नहीं बेचेंगे और मिट्टी की मूर्ति ही तैयार कर बेची जाएगी, लेकिन न तो जिम्मेदारों ने ध्यान दिया और न ही मूर्तिकारों ने गाइड लाइन का पालन किया।
शहर व ग्रामीण क्षेत्र के बाजारों, गली-मोहल्लों और चौराहों पर कल से देवी प्रतिमाएं स्थापित होने लगेंगी, जिसके लिए मूर्तिकार मिट्टी की मूर्ति तैयार कर फाइनल टच दे रहे हैं तो वहीं पीओपी की मूर्ति बनाने वालों ने अपनी दुकानें थीम रोड, फूलबाग लॉयंस पार्क के पास, मुरार बारादरी चौराहा के पास सजा ली हैं।
 शीतला पहुंचे दुकानदार
कोरोना संक्रमण से बचाव करते हुए नवरात्रि का पर्व मन सके इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा एहतियात बरती जा रही है और शासन की गाइड लाइन का पालन किया जा रहा है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मेलों पर पाबंदी लगा दी है। शीतला माता मंदिर पर विशाल मेला भरता है जिसके लिए दुकानदार अपना सामान लेकर पहुंच गए हैं लेकिन मंदिर के महंत ने दुकानें सजाने से रोक दिया है जिससे वह इंतजार कर रहे हैं कि दुकानें लगेंगी या नहीं।
कई शुभ योगों के साथ आज से नवरात्र शुरू 
शारदीय नवरात्र घट स्थापना सर्वार्थ सिद्धि योग में नवरात्र में इस बार कई शुभ योग रहेंगे। इस वर्ष की नवरात्र घट स्थापना शुभ योग में होकर चार सर्वार्थसिद्धि योग हैं। ज्योतिषाचार्य डॉ हुकुमचंद जैन ने बताया कि 17 अक्टूबर शनिवार को शारदीय नवरात्र घट स्थापना होगी। इस दिन सर्वार्थसिद्धि योग रहेगा। घट स्थापना का शुभ समय उषाकाल द्विस्वभाव लग्न सहित दुर्योदय पूर्व 05:43 बजे से 06:31 बजे गक रहेगा। धनु लग्न 11:06 बजे से दोपहर 01:11 बजे तक तथा अभिजित मुहूर्त 11:49 बजे से 12:35 बजे तक श्रेष्ठ मुहूर्त है। चौघडिय़ा अनुसार 07:46 बजे प्रात: से 09:12 बजे तक शुभ व श्रेष्ठ है। जैन ने कहा कि 17,19,23 व 24 अक्टूबर को सर्वार्थसिद्धि योग हैं।
सिद्धि महायोग 18 व 24 अक्टूबर को है। जबकि 17,21 व 25 अक्टूबर को अमृत सिद्धि योग भी है। वहीं, सूर्य व बुध की युति बुधादित्य योग 18 अटूबर को प्रीति,19 अक्टूबर को आयुषमान,20 अक्टूबर को सौभाग्य व 21 अक्टूबर को ललिता पंचमी है। बुधवार व शोभन योग का दुर्लभ संयोग देवी भक्तों को प्राप्त हो रहा है। इससे निश्चित ही जनता में सुख समृद्धि का वातावरण बनेगा। कोरोना महामारी भी धीरे धीरे समाप्त हो जाएगी।