चुनाव में शराब खपाने से पहले तस्कर दबोचा

Oct 14 2020

ग्वालियर। उपचुनाव में खपाने के लिए अवैध शराब लेकर आए एक तस्कर को बहोड़ापुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सागरताल स्थित सरकारी मल्टी के पास से पकड़ा है। वहीं मौका पाकर तस्कर का एक साथी भाग निकला। पुलिस ने मौके से स्विप्ट कार में अठारह पेटी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तथा कार को जप्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस दौरान पुलिस को आरोपी के साथ एक सब इंस्पेक्टर भी मिला है। जिसकी पड़ताल में पता चला है कि वह आरोपी से मिलने आया था और वह उसका रिश्तेदार है।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी पीएस यादव ने बताया कि सूचना मिली थी कि सागर ताल स्थित सरकारी मल्टी के पास एक स्विप्ट कार में अवैध शराब आई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ दबिश दी और स्विप्ट कार को पकड़ लिया। कार की तलाशी में उसमें 18 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।कार को जप्ती में लेकर कार मालिक के कमरे में दबिश दी तो एक युवक वहां से भाग निकला, जबकि दो को मौके से पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम रामू जाटव निवासी भितरवार बताया, उसके साथ मिले युवक ने खुद को सबइंस्पेक्टर बताया और बताया कि वह गुना में पदस्थ था। वह आरोपी से मिलने आया था, इस मामले में उसकी कोई भूमिका नहीं है। भागने वाले आरोपी का नाम पकड़े गए तस्कर ने मोनू शिवहरे निवासी गोल पहाडिय़ा बताया और बताया कि वह मोनू के लिए काम करता है। वहीं दरोगा की शराब तस्करी में भूमिका ना मिलने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया है।