क्राइम ब्रांच ने नगदी, लेपटॉप, मोबाइल किए बरामद, विण्डसर हिल में पकड़ा आईपीएल का सट्टा

Oct 14 2020

ग्वालियर। मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने आईपीएल मैच में चल रहे चेन्नई हेदराबाद मैच पर सट्टा लगवा रहे चार सटोरियों को पकड़ा है। पकड़े गए सटोरियों से क्राइमब्रांच ने नगदी, मोबाइल तथा लेपटॉप व हिसाब की डायरी मिली है। पकड़े गए सटोरियों को हिरासत में लेकर क्राइम ब्रांच ने पूछताछ शुरू कर दी है।
क्राइमब्रांच डीएसपी रत्नेश तोमर व थाना प्रभारी क्राइमब्रांच दामोदर गुप्ता ने बताया कि सूचना मिली थी कि विण्डसर हिल में आईपीएल के मैचों पर सट्टा लगवाया जा रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच ने फ्लेट क्रमांक सी-1-31 में दबिश दी तो चार युवक वहां पर सट्टा लगवा रहे थे।
क्राइमब्रांच को देखते ही सटोरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से ही सतर्क क्राइम ब्रांच जवानों ने उन्हें दबोच लिया। पड़ताल में पता चला कि वे चेन्नई और हेदराबाद के बीच चल रहे मैच पर सट्टा लगवा रहे थे।
क्राइम ब्रांच की पूछताछ में पकड़े गए सटोरियों ने अपने नाम विवेक शर्मा पुत्र विजय शर्मा निवासी सिंहपुर रोड, सावंत सोनी पुत्र पूरन सोनी निवासी सिंहपुर रोड, जयकिशन पुत्र हरिचरण अहिरवार निवासी झांसी उत्तरप्रदेश व राजेन्द्र कुमार पुत्र घनश्याम दास अहिरवार निवासी झांसी बताया। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों से दस हजार रुपए के साथ ही चार मोबाइल, तीन लेपटॉप व हिसाब की डायरी बरामद की है। 
पड़ताल में पता चला है कि पकड़े गए आरोपियों ने दांव लगवाने और लगाने के लिए 98 बिटक्रिक कॉम ली हुई थी। अब क्राइम ब्रांच की टीम पता लगा रही है कि इनके साथ और कौन-कौन शामिल था।
इनकी रही सराहनीय भूमिका :
उक्त सटोरियों को पकडऩे में थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच दामोदर गुप्ता, सुरजीत सिंह परमार, दिनेश सिंह तोमर, राजीव सोलंकी,  घनष्याम, नरवीर, राजेष तोमर, चन्द्रवीर गुर्जर, राजकुमारी की सराहनीय भूमिका रही है।