बढ़ी नमी, सर्दी के लिए करना होगा इंतजार

Oct 14 2020

ग्वालियर। भले ही इस समय तक सर्दी का अहसास होने लगता था, लेकिन इस बार सर्द अहसास के लिए इंतजार करना होगा। इसके पीछे कारण यह है कि मानसून वापसी न कर छतरपुर के नौगांव में अटका हुआ है और इसे यहां से वापसी में लगभग एक सप्ताह का समय लग जाएगा। इसके चलते नमी की मात्रा बढ़ रही है जो कि तापमान के मिजाज को तीखा कर रही है, यही कारण है कि अब तक जहां अधिकतम पारे के चलते दोपहर में चटक धूप झेलनी पड़ रही है, वहीं अब न्यूनतम पारे ने भी गति पकड़ ली है, जहां कल तक यह 18-19 डिग्री सेल्सियस से आगे नहीं बढ़ पा रहा था, वहीं आज 21 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जो कि सामान्य से 2़.2 डिग्री सेल्सियस अधिक था। मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय का कहना है कि भले ही शहर में मानसून ठीक से मेहरबान नहीं हो पाया हो, लेकिन मानसून की रेखा वापस नहीं हो सकी है, यह छतरपुर के पास फंसी है। वहीं जो सिस्टम बन रहे हैं वह साउथ की ओर से है, ऐसे में इनका लाभ शहर को तो नहीं मिलेगा, लेकिन इसके दबाव के कारण बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी तापमान की गिरावट में रुकावट बन गई है। इससे प्रभावित होकर पारा और बढ़ सकता है, जिससे सुबह और रात ठंड का अहसास बजाए बढऩे के और कम हो जाएगा।