ओएलएस पर चोरी के मोबाइल बेचने वाले युवक को पकड़ा

Oct 09 2020

ग्वालियर। इंदरगंज थाना पुलिस ने एक युवक को चोरी के मोबाइल और लेपटॉप के साथ पकड़ा है। वह इनको पहले चोरी करता फिर बिक्री करता था। युवक एसएएफ में पदस्थ कर्मचारी का पुत्र है। पुलिस ने उसे फालका बाजार से पकड़ा और हवालात में बंद कर दिया। अब तक उससे एक लेपटॉप और 12 मोबाइल बरामद किए गए हैं। 
टीआई शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कई दिनों से ऑनलाइन एप ओएलएस पर एक युवक चोरी के मोबाइल और लेपटॉप को सस्ते दामों में बेचकर ठिकाने लगा रहा है। यह सिलसिला कई माह से चल रहा है। डमी ग्राहक बनकर मोबाइल के लिए एप्रोच किया तो उसने कहा कि वह सस्ते में मोबाइल देगा।
पुलिस ने उसे पकडऩे के लिए ट्रेप फिस किया और फालका बाजार से पकड़ा। पुलिस उसे सीधे थाने लेकर आई तो उसने हेकड़ी दिखाकर कहाकि उसके पिता भी एसएएफ में हैं, लेकिन उसकी एक नहीं सुनी और कड़ी पूछताछ में उगला कि वह स्वयं चोरी करता है और इन्हें ओएलएस पर ठिकाने लगा देता है। आरोपी ने अपना नाम विक्रम पुत्र राजकुमार राठौर निवासी दूसरी बटालियन बताया। उसके पिता एसएएफ में आरक्षक हैं। 
पूछताछ में उसने बताया कि वह शाम होते ही सड़क पर बात कर रहे लोगों का मोबाइल छीनकर भाग जाता था। इसके बाद वह ओएलएस पर चोरी किए गए मोबाइल का एड सस्ते में बिक्री के पोस्ट करता था। पुलिस ने उससे एक लेपटॉप और 12 मोबाइल बरामद किए हैं। अभी और माल भी पुलिस को बरामद करना है। 
परिवार को करतूत का चला पता
जैसे ही चोर बिक्रम का पकड़ा और उससे मोबाइल पकड़े तो पुलिस ने पिता को सारी कहानी बताई। पुत्र की हरकतों को सुनकर आरक्षक ने अपना सिर पकड़ लिया। बताया जाता है कि शिक्षित बिक्रम को ऐसी कोई कमी नहीं है कि वह चोरी करें। पिता उसकी हरकतों पर शर्मिंदा है।