मांगी दुआ, किया ताजियों का विसर्जन

Oct 08 2020

ग्वालियर। सागरताल कर्बला पर गुरुवार सुबह से ही ताजिएदार ताजियों को दफनाने के लिए जुटे हुए हैं। मोहर्रम के 40 दिन बाद चेहल्लुम का पर्व मनाया जा रहा है और चेहल्लुम पर जगह- जगह ताजियों की स्थापना की गई। गुरुवार सुबह अमन और चैन की दुआ के साथ-साथ कोरोना महामारी से निजात दिलाने के लिए फातिया पढ़ी गई और इसके बाद सेहराबंदी कर ताजियों को विसर्जित करने व दफनाने के लिए ताजिएदार मातमी धुनों के साथ कर्बला पहुंचे, जहां ताजियों को दफनाया व विसर्जित किया जा रहा है। नगर निगम व कर्बला इंतजामिया कमेटी के पदाधिकारी भी अपना योगदान देते हुए ताजियों को दफनाने में जुटे हुए हैं।
सागरताल पर मौजूद पुलिसकर्मी ताजिएदारों को दूरी बनाए रखने के लिए समझाइश दे रहे हैं। ताजिएदार भी अपनी इमारतों को धूप, लोहान लगाकर दफना रहे थे। ग्रेटर ग्वालियर मोहर्रम एवं कर्बला इंतजामिया कमेटी के अख्तर हुसैन कुरैशी, लतीफ खां मल्लू ने बताया कि परंपरानुसार ताजियती मजलिस हुई, जिसमें सभी धर्म व समुदाय के लोगों ने शामिल होकर अमन के लिए दुआ मांगते हुए हजरत इमाम हुसैन को खिराजे अकीकत पेश की।