यह चुनाव लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई : जसविंदर

Oct 08 2020

ग्वालियर। यह चुनाव लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है, लेकिन भाजपा सत्ता हथियाने के लिए फिर से जनतंत्र का मजाक बना रही है। अनूपपुर में भाजपा के प्रत्याशी और शिवराज सरकार में मंत्री खुलेआम नोट बांटकर मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं।
मुंगावली में भाजपा प्रत्याशी और मंत्री साडिय़ां बांट रहे हैं, डबरा प्रत्याशी कह रहीं हैं कि चुनाव तो कलेक्टर ही जिता देगा। विडंबना यह है कि जनतंत्र को ऐसी चुनौतियों के बाद भी चुनाव आयोग खामोश है। यह बात आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए माकपा के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कही। उन्होने कहा कि 2018 में स्पष्ट जनादेश था, जनता ने 15 साल की भ्रष्ट भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया था, लेकिन 15 माह में ही विधायकों की खरीद फरोख्त कर सत्ता हथिया ली। जसविंदर सिंह ने कहा कि जनादेश का अपमान कर बनी इस सरकार की बुनियाद में ही सौदेबाजी है। सभी इस्तीफा देने वाले पूर्व विधायकों को टिकट दिया गया है । 14 को तो बिना विधायकी के ही मंत्री भी बना दिया गया। इससे सब साफ है। उन्होने कहा कि इन हालात में माकपा ने फैसला किया है कि धर्मनिरपेक्ष मतों के विभाजन और बिकाउ लोगों को रोकने के लिए पार्टी चुनाव नहीं लड़ेगी, बल्कि भाजपा को हराने के लिए स्वतंत्र रूप से अभियान चलाएगी। उन्होने कहा कि अब जनता को सोचना होगा और सही निर्णय लेना होगा, वरना प्रदेश रसातल में चला जाएगा। इस दौरान माकपा जिला सचिव अखिलेश यादव भी मौजूद थे।