पुलिस ने पकड़ा आईपीएल का सट्टा, तीन आरोपियों को पकड़ा, लेपटॉप, मोबाइल और डायरी मिली

Oct 07 2020

 ग्वालियर। हरीशंकरपुरम में क्राइम ब्रांच ने आईपीएल क्रिकेट मैच का सट्टा लगवा रहे तीन सटोरिए को पकड़ा है। सटोरिए से 19 लाख रुपए नगद मिले हंै। पुलिस ने सटोरियों के खिलाफ सट्टा अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इनके कजे से 3 मोबाइल, एक लेपटॉप और डायरी मिली है। इन डायरी में सट्टे का हिसाब लिखा जा रहा था।
बुधवार सुबह एसपी अमित सांघी, एडीशनल एसपी सतेन्द्र सिंह तोमर और डीएसपी अपराध रत्नेश तोमर ने एसपी ऑफिस में पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरीशंकरपुरम स्थित बी-21 एक घर में आईपीएल का सट्टा ऑनलाइन चल रहा है। यहां पर लाखों रुपए का खेल हो रहा है। सूचना की तस्दीक करने के लिए क्राइम ब्रांच की दो टीम हरीशंकरपुरम में बताए गए स्पॉट पर पहुंची। यहां घेराबंदी कर घर का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर क्रिकेट मैच पर सट्टे की बैट लग रही थी और फोन लगातार बज रहे थे।
पुलिस ने यहां से रजत अग्रवाल निवासी पारसजी की बाड़ा, संदीप मित्तल निवासी डीडवाना ओली और मोहित अग्रवाल मकान मालिक को पकड़ा है। वहीं 19 लाख रुपए की बड़ी रकम भी बरामद की। 
प्रांरभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने सट्टे की लिंक इंदौर से ली थी। बताया जाता है कि सभी आरोपी चोरी-छिपे सट्टा लगवा रहे थे। किसी को आवाज न सुनाई दें इसलिए दीवार पर मोटे पर्दे भी लगवा रखे थे। उक्त घर में भी कई लोगों का आना-जाना कुछ दिन से ज्यादा हो रहा था, ऐसा आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया।
क्राइम ब्रांच ने रात को 11:50 पर घर पर दबिश दी तो एक कमरे में लेपटॉप पर आईपीएल क्रिकेट मैच चल रहा था। आरोपी में एक युवक फोन पर सट्टा लगवा रहा था। उसके पास से तीन मोबाइल समेत दो डायरी जप्त की गई हैं। इसके अलावा डायरी में लिखे हिसाब के अध्ययन के बाद कई फोन नंबर और लाखों रुपए के क्रिकेट सट्टे की बुकिंग का हिसाब-किताब मिला है। मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर क्रिकेट सट्टे से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
तीनों आरोपी हैं कारोबारी 
पूछताछ में पता चला है कि पकड़ा गया आरोपी मोहित सोना-चांदी कारोबारी है और संदीप मित्तल का बिजली के सामान का होलसेल का कारोबार है और रजत छात्र है और उसके पिता व्यवसायी हैं।