सुबह लगने लगी हल्की सी ठंडक

Oct 05 2020

ग्वालियर। ग्वालियर। इस बार मौसम ने जिस कदर से करवट बदली है उससे ऐसा लगने लगा कि इस बार दीवाली से पहले ही गुलाबी सर्दी का एहसास हो जायेगा और देवोत्थान एकादशी तक ठीक-ठाक सर्दी पडऩे लगेगी इस बार मानसून सत्र मैं बारिश कम होने के कारण लोगों की खासकर किसानो की चिन्ता बढ़ी है। 
उल्लेखनीय है कि इस बार मानसून की विदाई बिना बारिश के हो गई और औसत वर्षा से भी कम वर्षा हुई। इसका असर फसलों पर देखने को मिलेगा। इस बीच पिछले तीन-चार दिनों से मौसम में अचानक आई ठंडक ने लोगों को हल्की ठंडक का अहसास करा दिया। अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में ही लोगों को सुबह-सुबह हल्की ठंडक का अहसास होने लगा। लगभग एक सप्ताह पहले जहां लोग गर्मी को लेकर परेशान थे वहीं अचानक बदले मौसम के कारण लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं।
एक ओर जहां शहर और अंचल में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है वहीं दूसरी ओर मौसम में आए बदलाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अगर ऐसा ही मौसम रहा तो आने वाले दिनों में और देवउठान एकादशी तक लोगों को अच्छी-खासी सर्दी का नजारा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार लोगों को कड़ाके की सर्दी का अहसास होगा। बदले मौसम में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग मौसमी बीमारियों से ग्रसित होकर चिकित्सकों की शरण में पहुंच रहे।