यूपीएससी एग्जाम : कड़ी सुरक्षा में मिला परीक्षार्थियों को प्रवेश

Oct 04 2020

 ग्वालियर। अफसर बनने के लिए रविवार की सुबह से ही शहर के 26 परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ जमा होने लगी थी इसके लिए प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा, व्यवस्था का बंदोवस्त किया गया था। उधर कोरोना गाइड लाइन का पालन कराते हुए परीक्षार्थियों को कतार में निर्धारित दूरी पर खड़ा कर प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले इनकी कड़ी तलाशी ली गई। जिसके चलते मोबाइल, घड़ी, बेल्ट आदि बाहर ही निकलवा दिए गए। परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ के चलतेजाम के हालात बने रहे और वाहन फंसने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार को शहर के 26 परीक्षा सेंटरों पर 9 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमाने के लिए यूपीएससी की परीक्षा देने पहुंचे जहां परीक्षा सेंटरों पर सुबह 8.30 बजते ही प्रवेश कड़ी सुरक्षा के बीच दिया गया। परीक्षार्थियों के हाथों को सेनेटाइजर से साफ कराया जा रहा था और थर्मल स्क्रिनिंग की जा रही थी इस दौरान कई परीक्षार्थियों के अभिभावक भी पहुंचे जिन्हें गेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। परीक्षार्थियों के कक्ष में प्रवेश लेने के साथ ही तलाशी ली गई।
परीक्षा सेंटरों पर सुबह से परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के पहुंचने से जाम की स्थिति बन गई। परीक्षा सेंटर पर तैनात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए एनाउंस करते रहे तो कई बार उन्हें मशक्कत भी करनी पड़ी। सुबह 8 बजे से परीक्षार्थी एकत्रित होना शुरू हो गए थे और 8.30 बजे प्रवेश मिला, जिससे नई सड़क, कम्पू, मुरार, खासगी बाजार सहित कई सेंटरों पर जाम लगा रहा। पहली पारी की परीक्षा 9.30 बजे से शुरू होकर 11.30 बजे तक चली, इसके बाद दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 बजे शुरू हुई जो 4.30 बजे तक चली।
प्रशासनिक व पुलिस अफसर पहुंचे
परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस के अफसर सतर्क बने हुए थे रविवार सुबह एडीएम किशोर कान्याल ने कई परीक्षा सेंटरों पर पहुंचकर निरीक्षण किया और दिशा-निर्देश दिए तो एसडीएम और तहसीलदार भी अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा सेंटरों पर निगरानी रखे हुए थे। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सर्किल के सीएसपी परीक्षा सेंटर पहुंचे और निगरानी की।
मोबाइल बने मुसीबत तो कुछ की चांदी
परीक्षा सेंटर पर बाहर से आने वाले परीक्षार्थी अपने मोबाइल, बैग लेकर पहुंचे जिससे उन्हें परीक्षा सेंटर में प्रवेश नहीं मिला। हालांकि प्रशासन ने हर सेंटर के बाहर सामान रखने के लिए व्यवस्था की थी तो कुछ दुकानदार इसका लाभ लेते दिखाई दिए। माधव कॉलेज के सामने दुकान चलाने वाले मोबाइल व बैग जमा करने के 20 रुपए ले रहे थे। पद्मा विद्यालय में साइकिल स्टैंड संचालक द्वारा सामान जमा किया जा रहा था, तो कई सेंटरों पर नि:शुल्क सामान जमा कर पर्ची दी गई।