कार में मिली आठ पेटी शराब, तीन आरोपी पकड़े

Oct 04 2020

 
ग्वालियर। हजीरा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक कार में 8 पेटी अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफतार किया है। सभी आरोपी शराब की खेप कहां से ला रहे थे और कहां ठिकाने लगाने जा रहे थे। इसकी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने तस्करी कर रहे कार से 8 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने बताया कि हमें मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार में शराब तस्करी की जा रही है। सूचना मिलने के बाद तस्करों को पकडऩे के लिये अलग-अलग पुलिस बल रवाना किया गया। इसके लिए पुलिस ने तीन जगहों पर नाकेबंदी कर रखी थी। इस दौरान सूचना के तहत लाइन नबंर एक बिरला नगर के पास पुलिस को एचआर01आर4067 आते हुए दिखाई दी।
चेकिंग के पुलिस ने हाथ देकर रोका तो चालक ने स्पीड तेज कर ली, लेकिन पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस को देख कार में बैठे तीन लोगों के पसीने निकलना शुरू हो गए। कार में कार्टन रखे थे, खोलकर देखा तो अंग्रेजी शराब की बॉटल भरी हुई थी। पुलिस ने जब शराब परिवहन के कागज मांगे तो वह नहीं दे सके। पुलिस सभी को थाने लेकर आई। 
शराब तस्करी करने वालों ने अपने नाम दीपक चंदेरिया, डेविड सतेन्द्र पाल और हेमंत सिकरवार निवासी बिरला नगर बताए। अवैध परिवहन करते हुए पकड़ी गई लग्जरी कार से 8 पेटी शराब बरामद हुई है। जिसकी कुल कीमत 58 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं कार को जब्त कर सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।