एक पखवाड़ा बाद भी स्कूलों में सन्नाटा

Oct 01 2020

ग्वालियर। कोरोना संक्रमण के बीच स्कूलों के ताले खुल गए हैं लेकिन छात्र-छात्राएं स्कूल से दूरी बनाए हुए हैं। अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार नहीं हैं जिसके कारण लगभग 15 दिन बाद भी स्कूलों में सन्नाटा है। प्राचार्य सहित स्टाफ क्लासों में पहुंच रहा है लेकिन एक या दो बच्चे होने के कारण यह भी बच्चों को वर्क देकर बतियाते हुए नजर आ रहे हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा कक्षा 9 से लेकर 12 तक के सरकारी व प्राइवेट स्कूल 15 दिन पहले खुल गए हैं, लेकिन अभिभावकों ने अपने बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए स्कूल भेजना उचित नहीं समझ रहे। हालात यह है कि निजी स्कूल संचालक बच्चों को स्कूल भेजने के लिए दबाव बना रहे हैं और सरकारी स्कूलों में बच्चे पहुंच नहीं रहे। कुछ स्कूलों में 2 या 4 बच्चे जा भी रहे हैं तो उन्हें पढ़ाने में शिक्षक रूचि नहीं दिखा रहे। 
स्कूल खुलने के साथ ही सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं और स्कूलों को सेनेटाइज नगर निगम की टीमें हर रोज कर रही हैं। नगर निगम की टीमें स्कूल कैंपस को सेनेटाइज करने के लिए सुबह 7 बजे से ही पहुंच जाती हैं।