पटाखे चलाने के विवाद में महिला की डंडा मारकर हत्या

Sep 29 2020

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में एकमहिला की डंडा मारकर हत्या को अंजाम दिया गया। इस मामले में पड़ौसी परिवार के तीन युवकों के खिलाफ पुलिस में मृतका के पुत्र ने एफआईआर दर्ज कराई है। पूरा विवाद बच्चे के जन्म होने की खुशी होने के बाद पटाखे चलाने को लेकर हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज का लिया है। इस मामले में तीन युवक आरोपी है और फरार बताए जा रहे हैं। 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 सिंतबर को कुशवाह मोहल्ला में एक कुशवाह परिवार में पुत्र का जन्म हुआ। इसकी खुशी मनाने के लिए कुशवाह परिवार घर के बाहर पटाखे चला रहा था। इतने में ही पड़ौस में रहने वाले राजेश बाथम के यहां पटाखे का कोई हिस्सा चला गया उसकी पत्नी हेमलता ने कहा कि ठीक से चलाओ किसी का नुकसान नहीं होना चाहिए। इस बात पर दोनों पक्षों में मुंहवाद हो गया। इतने में ही गाली-गलौज होना शुरू हो गई। कुशवाह परिवार के रवि, राजू और काली ने महिला और अन्य लोगों के साथ झूमाझटकी शुरू कर दी। एक युवक ने हेमलता के सिर में भारी डंडा मार दिया। इस हादसे में महिला अचेत होकर गिर गईं। उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। 
जैसे ही हेमलता उम्र 40 साल की मौत ही सूचना कुशवाह मोहल्ला में पहुंची तो समूचे क्षेत्र में मातम छा गया। मौत की सूचना के बाद तीनों आरोपी भाग गए। इधर मौत की सूचना के बाद क्षेत्र में तनाव भी देखा गया।
ठेला लगाता है परिवार
जानकारी में सामने आया है कि मृतका का परिवार बेहद गरीब है। उसका पति राजेश और 19 साल का पुत्र विकास बहोड़ापुर क्षेत्र में बिरयानी का ठेला लगाकर आजीविका चला रहे थे। मां की मौत के बाद उसके पुत्र का रो- रोकर बुरा हाल है।