किसानों का कमिश्नरी पर हल्ला बोल

Sep 25 2020

ग्वालियर। सरकार व्दारा पारित कराए गए कि सान बिल का विरोध देश भर में शुरु हो गया है, इसी तारतम्य में अंचल के किसान भी लामबंद हो चुके हैं, जिसके चलते शुक्रवार को वह सड़क पर उतर गए और मंडी बंद कर अपना काम छोड़कर सुबह से फूलबाग चौराहे पर जमा हो गए और किसान बिल का विरोध कर जमकर नारेबाजी करते हुए रोष जताया। इसके बाद यहां से विशाल जुलूस के रूप में मोतीमहल स्थित कमिश्नरी पहुंचे और यहां जमकर हल्ला बोला, इनका कहना था कि यह बिल किसान विरोधी है इसे वापस लिया जाए। इसके बाद संभागायुक्त आशीष सक्सेना को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन कर रहे किसान व अन्य संगठनों ने कहा कि लोक सभा में बगैर चर्चा कराये एवं राज्य सभा में बिना वोटिंग के तानाशाही पूर्ण ढंग से पारित कराये गये किसान बिल के विरोध में सारे देश का किसान लामबंद हैं, इसे सहन नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि देश के 234 किसान संगठनों ने ' संयुक्त किसान संघर्ष समन्वय समिति' के बैनर तले  शुक्रवार को देशव्यापी महा आन्दोलन शुरु कर दिया गया है और इसी कड़ी में अंचल के किसान भी लामबंद हो गए।
इसके लिए किसान सुबह से फूलबाग पहुंचे और ज्ञापन से पहले फूलबाग पर शक्ति प्रदर्शन किया। बात न बिगड़े इसके चलते यहां बड़ीं संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था। 
पहले से ही तैनात था बल
संभागायुक्त कार्यालय पर किसानों के प्रदर्शन को लेकर यहां निर्धारित समय से पहले ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था, हालांकि किसानों और अन्य सहयोगी संगठनों ने जमकर प्रदर्शन तो किया, लेकिन किसी तरह की अनुशासनहीनता यहां नहीं हुई, हालांकि पुलिस ने इन्हे समझाइश भी दी कि वह अपना विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से करें।                
जुलूस का नेतृत्व पूर्व विधायक बृजेंद्र तिवारी ने किया, वहीं जिला पंचायत सदस्य पप्पन यादव, भगवान लाल आदिवासी, गुलाब सिंह रावत, जनपद सदस्य चंपा-विष्णु सोनी, वीरपुर बांध बचाओं संघर्ष समिति के संयोजक सुग्रीव सिंह कुशवाह, खेत मजदूर यूनियन के रामबाबू जाटव, मध्यप्रदेश किसान सभा के महासचिव रामकिशन सिंह कुशवाह, सौजना सरपंच धु्रव जाटव, सिगौरा सरपंच अजमल खां, मेहदपुर सरपंच रामसिंह यादव, के अलावा बन्दु खां, नरेश पटेल, रावण सिंह बघेल, दामोदर सिंह गुर्जर, मुन्नी कुशवाह, कल्लू बघेल, सरनाम सिंह कुशवाह, सरेश कुशवाह, रफीक खान, केदार सिंह कुशवाह, जगदीश सिंह कुशवाह सहित बड़ी संख्या में अंचल के किसान व खेतिहर मजदूर शामिल थे। माकपा के जिला सचिव अखिलेश यादव के संयोजन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ।
यह भी आए समर्थन में साथ
इस कार्यक्रम में सीटू की अध्यक्ष कमलेश शर्मा, महासचिव एम के जायसवाल, ओबीसी महासभा के विजय कुमार एवं धर्मेंन्द्र कुशवाह, आदि ने भी इस कार्यक्रम को अपना समर्थन दिया। इसके अलावा स्टूडेट्स फैडरेशन ऑफ इंडिया, नौजवान सभा, अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने भी इस हल्लाबोल में हिस्सा लिया।