मुख्यमंत्री ने किया भाजपा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ

Sep 25 2020

ग्वालियर। वचन देकर मुकरने वाले तो चले गए और अब प्रदेश में निभाने वालों की सरकार आ गई है। यह चुनाव भाजपा की विचारधारा का चुनाव है और अब सरकार बनाए रखने की लड़ाई है और आज इसकी शुरुआत इस चुनाव कार्यालय  के शुभारंभ के साथ हो गई है। अब कार्यकर्ता संकल्प लें कि ग्वालियर-चंबल की 16 सीटों के साथ पूरे मध्य प्रदेश की 28 सीटों को जिताएंगे। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी संबोधित किया। 
भाजपा के चुनाव कार्यालय के शुभारंभ में संगठन महामंत्री सुहास भगत, गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, गिर्राज दंडोतिया, पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, पूर्व मंत्री रुस्तम सिंह, जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, वरिष्ठ नेता वेदप्रकाश शर्मा उपस्थित थे। 
उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमारी विचारधारा को कुचलने का प्रयास कर रही थी। वचन देकर मुकरने वाली उस सरकार ने वल्लभभवन को दलालों का अड्डा बना दिया था। उस सरकार का गिरना बहुत जरूरी था और इसके लिए मैं सिंधिया और उनके साथियों को धन्यवाद देता हूं। लेकिन अब जो लड़ाई होने वाली है, ये सरकार को बनाए रखने की लड़ाई है। ये हमारी साख का सवाल है और हमें इसमें जीतना ही होगा। श्री चौहान ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी अदभुत नेता हैं और उन्होंने दुनिया में एक अलग स्थान बनाया है। उनके नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है। मैं आपको वचन देता हूं कि अगले तीन सालों में हम मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाएंगे। 
हमारा संग्राम आज से शुरू-ज्योतिरादित्य सिंधिया
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यालय के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही हमारा संग्राम भी शुरू हो गया है। ये संग्राम प्रदेश की जनता को न्याय दिलाने का है, उसे ग्वालियर-चंबल को उसका सम्मान दिलाने का है, प्रदेश के विकास का है और सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बात यह है कि ये प्रदेश के भविष्य का संग्राम है। इसलिए इस संग्राम में हमें जीतना ही है।