मौसम हुआ खुशनुम

Sep 24 2020

ग्वालियर। जिले के आसपास हल्की बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा हो गया है, इधर गुरुवार को सुबह धूप भी चमकी, लेकिन लोगों को गर्मी का इतना अधिक एहसास नहीं हुआ। इसके प्रभाव से अधिकतम तापमान भी गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। मौसम विभाग ने 24 घंटे के अंदर हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया। इसके बाद आसमान खुलने से फिर से गर्मी झेलनी पड़ सकती है।
 सितंबर की शुरूआत से ही गर्मी का ग्राफ बढऩे लगा था। पिछले कुछ दिनों से तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच गया था। उमस और गर्मी से लोग परेशान हो गए थे। बुधवार को अचानक से मौसम में परिवर्तन आ गया। सुबह से ही आसमान में बादल छाने लगे। कुछ देर बाद शहर के आसपास के क्षेत्र में हल्की बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया। कई दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग ने गुरूवार को भी हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, आज शुक्रवार से आसमान खुल सकता है और फिर से तापमान 35 डिग्री या फिर इससे ज्यादा पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को सूरज की तपिश फिर झेलनी पड़ सकती है।