पिता ने बेटी से किया दुष्कर्म, पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार

Sep 23 2020

ग्वालियर। घर में अकेली 11 वर्षीय बेटी को देखकर पिता ने रिश्ते कलंकित कर जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना ग्वालियर थाना क्षेत्र के गोसपुरा नंबर एक की है। घटना के बाद भी आरोपी मासूम को धमकाकर वारदात को अंजाम दे रहा था। हैवानियत से परेशान पीडि़ता बड़ी बहन के घर पहुंची और वारदात की जानकारी बहन को दी। घटना का पता चलते ही बहन उसे लेकर थाने पहुंची और शिकायत की। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। 
थाना प्रभारी ग्वालियर दीपक यादव ने बताया कि गोसपुरा नंबर एक निवासी 11 वर्षीय नाबालिग ने शिकायत की है कि एक साल से उसके पिता उसके साथ गलत काम कर रहे है। साथ ही धमकी देते हैं कि अगर उसने किसी को भी बताया तो वह उसे जान से मार देगा। पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। कुछ दिन पहले पीडि़ता अपनी बहन की ससुराल पहुंची और उसे वारदात की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही बड़ी बहन अपने पति के साथ पिता को समझाने पहुंची तो पिता ने उसे भी धमकी देकर भगा दिया। बड़ी बहन ने पुलिस अफसरों को बताया कि उसके पिता बहन के साथ एक साल से गलत काम कर रहे हैं और जब उन्होंने अपनी हरकतों में सुधार नहीं किया तो वह थाने शिकायत करने आई।