किसानों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे विधेयक: रावत

Sep 21 2020

ग्वालियर। किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिये हैं। इन फैसलों के कारण जहां किसान दलाली प्रथा से मुक्त होगा, वहीं अपनी फसल का अधिकतम दाम प्राप्त करने के लिये अपनी मर्जी के स्थान पर फसल बेच सकेगा। यद्यपि न्यूनतम समर्थन मूल्य और मंडियों की व्यवस्था को यथावत रखा गया है। किसानों को नये अवसर उपलब्ध कराये गये हैं, जो उनकी आमदनी को तेज गति से बढ़ाने में सहायक होंगे। लेकिन दुर्भाग्य से देश के कुछ राजनैतिक दल वर्षों से दोयम दर्जे का जीवन जी रहे किसानों के जीवन स्तर को ऊंचा उठते हुए नहीं देखना चाहते। इसलिये भोले भाले किसानों को सही जानकारी छुपाकर उन्हें अनावश्यक रूप से भटकाने और भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। कांग्रेस सहित इन चंद राजनैतिक दलों को स्पष्ट करना चाहिये कि किसानों का शोषण करने वाली अंग्रेजी काल की प्रथा से और दलालों से इन्हें इतना लगाव क्यों है? सोमवार को यहां एक पत्रकारवार्ता में भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के महामंत्री रणवीर सिंह रावत ने यह बात कही। इस अबसर लोकेेन्द्र पाराशर, कमल माखीजानी, विनोद जादौन मौजूद थे।
श्री रावत ने बताया कि जो लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं, उन्हें एक दिन मुंह की खानी पड़ेगी। किसानों को नये प्रावधानों के कारण समुचित लाभ होने लगेगा। केन्द्र सरकार ने दो विधेयकों के माध्यम से किसानों को अग्रिम पंक्ति में खड़े करने का प्रावधान किया है। इन विधेयकों से कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। 
श्री रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर जी के द्वारा जो फैसले लिये गये हैं, वो निश्चित तौर पर ऐतिहासिक हैं। 
श्री रावत ने बताया कि नये प्रावधानों में बाजार की अनिश्चितता से भी किसानों को बचाने का निर्णय लिया गया है। किसानों तक अत्याधुनिक कृषि उपकरण और उन्नत खाद-बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। किसी भी विवाद की स्थिति में उसका निपटारा 30 दिन में स्थानीय स्तर पर हो जाएगा। किसानों को अनुबंध में पूर्ण स्वतंत्रता होगी। वह अपनी इच्छा के अनुसार दाम तय कर उपज बेच सकेगा। अनुबंध के बाद किसान को यह लाभ होगा कि उसे व्यापारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। किसानों के लिये सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्हें एक राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया गया है। वे किसी भी राज्य में अपनी फसल बेच सकेंगे। 
ग्वालियर पूर्व विधानसभा की बृहद बैठक 23 सितंबर को
भारतीय जनता पार्टी की पूर्व विधान सभा की बृहद बैठक 23 सितंबर को बुधवार को शाम 4 बजे होटल रमाया में स पन्न होगी। आहूत होने वाली बैठक में संभागीय संगठन मंत्री आशुताष तिवारी, ग्वालियर विधानसभा प्रभारी एवं पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी और पूर्व विधायक मुन्ना लाल गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।